सीकर

सीकर में दो अलग-अलग घटनाओं में युवक-युवती की आत्महत्या, कारणों की जांच में जुटी पुलिस

सीकर जिले में दो अलग-अलग स्थानों पर युवक और युवती द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामलों से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। दोनों ही घटनाओं में पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट या ठोस सबूत नहीं मिला है। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है और मामलों की जांच शुरू कर दी है।

2 min read
Jun 17, 2026
Rajasthan Police
राजस्थान पुलिस (फाइल फोटो-पत्रिका)

सीकर। सीकर जिले में दो अलग-अलग स्थानों पर युवक और युवती द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामलों से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। दोनों ही घटनाओं में पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट या ठोस सबूत नहीं मिला है। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है और मामलों की जांच शुरू कर दी है। घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों में भी चिंता का माहौल बना हुआ है।

पहला मामला सदर थाना इलाके के नानी बीहड़ का है, जहां 22 वर्षीय युवक अभिषेक उर्फ मोनू ने पेड़ पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। बुधवार सुबह जब ग्रामीण बीहड़ क्षेत्र से गुजर रहे थे, तब उनकी नजर पेड़ पर लटके युवक पर पड़ी। यह खबर आसपास के इलाके में तेजी से फैल गई, जिसके बाद किसी ग्रामीण ने तुरंत सदर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाया। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर आसपास के लोगों से पूछताछ की और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस युवक के आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है।

मानसिक अवसाद में थी युवती

दूसरा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के जगमालपुरा फाटक के पास का है, जहां 19 वर्षीय युवती ने आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार युवती पिछले कुछ महीनों से मानसिक अवसाद से गुजर रही थी और उसका उपचार भी चल रहा था। वह अविवाहित थी और मूल रूप से श्रीगंगानगर की रहने वाली थी, लेकिन वर्तमान में अपनी मां और दो छोटे भाइयों के साथ सीकर में रह रही थी। उसके पिता सऊदी अरब में मजदूरी करते हैं और उन्होंने करीब डेढ़ साल पहले जगमालपुरा में मकान बनवाया था।

हेड कॉन्स्टेबल कल्याण सिंह ने बताया कि युवती के पास से भी कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस दोनों मामलों में आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए गहन जांच कर रही है और परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है।

बता दें कि 16 जून को सीकर में परिवार के साथ फ्लेट में रहकर नीट की तैयारी कर रहे 22 साल का छात्र उमेश माली ने अपने फ्लैट में चुन्नी से फांसी का फंदा बनाया और पंखे से लटक गया था। पुलिस को मौके से सुसाइड नोट भी मिला था। उद्योग नगर थानाधिकारी राजेश कुमार बुडानिया ने बताया कि 22 साल के नीट स्टूडेंट उमेश माली पुत्र लक्ष्मणराम निवासी कारी नवलगढ़ ने फांसी के फंदे पर लटक आत्महत्या कर ली थी। उमेश की बड़ी बहन और छोटा भाई जब दोपहर में फ्लेट पर लौटे तो उन्हें भाई के आत्महत्या करने का पता चला।

Published on:
17 Jun 2026 07:23 pm