सीकर

राजस्थान: स्कूल प्रधानाध्यापक छात्राओं को छूता था… करता था गंदे इशारे, शिक्षा विभाग ने किया निलंबित

सीकर जिले की एक सरकारी बालिका स्कूल में प्रधानाध्यापक द्वारा 7वीं कक्षा की छात्रा के साथ छेड़छाड़ व अश्लील हरकत करने का गंभीर मामला सामने आया है।
2 min read
Feb 09, 2026
Feature image
7वीं कक्षा की छात्रा के साथ छेड़छाड़: फोटो सांकेतिक

सीकर। जिले की एक सरकारी बालिका स्कूल में प्रधानाध्यापक द्वारा 7वीं कक्षा की छात्रा के साथ छेड़छाड़ व अश्लील हरकत करने का गंभीर मामला सामने आया है। छात्रा की शिकायत पर शिक्षा विभाग की तीन सदस्यीय कमेटी ने जांच की तो चार अन्य छात्राओं ने भी प्रधानाध्यापक नेमीचंद कुमावत पर वॉशरूम जाते समय गलत इशारे कर बुलाने का आरोप लगाया। जिसके आधार पर शिक्षा विभाग ने आरोपी प्रधानाध्यापक को रविवार को निलंबित कर दिया। संयुक्त निदेशक संगीता मानवी व सहायक निदेशक महेंद्र बढ़ासरा ने बताया कि जांच कमेटी की रिपोर्ट आरोपी के खिलाफ मिलने पर यह कार्रवाई की गई है।

पहले छात्रा, फिर स्टाफ ने दी शिकायत

मामले में सातवीं कक्षा की एक छात्रा ने स्कूल प्रधानाध्यापिका को लिखित शिकायत दी। जिसमें उसने बताया कि 4 फरवरी को छठे कालांश में प्रधानाध्यापक नेमीचंद कुमावत ने उसके साथ छेड़छाड़ की। जिसके बाद से वह और उसकी साथी छात्राएं डरी हुई है। शिकायत में तीन अन्य छात्राओं के भी हस्ताक्षर थे। शिकायत के आधार पर प्रधानाध्यापिका व स्टाफ ने सीबीईओ को पत्र भेज आवश्यक कार्यवाही के लिए लिखा।

छात्राओं ने लगाया बैड टच व इशारे करने का आरोप

शिकायत के आधार पर संबंधित सीबीईओ ने तीन संस्था प्रधानों की कमेटी बनवाकर जांच करवाई। टीम ने जांच की तो पीड़िता ने प्रधानाध्यापक पर गलत जगह से छूने का आरोप लगाया। दो अन्य छात्राओं ने भी उसकी पुष्टि की। इसके अलावा अन्य दो छात्राओं ने प्रधानाध्यापक पर वाशरूम जाते समय इशारे करके बुलाने की बात कही। पीड़िता के दादा ने भी प्रधानाध्यापक पर अनैतिक व्यवहार व गलत तरीके से छूने का आरोप लगाया। इस पर मामले को लैंगिक उत्पीड़न से जुड़ा मान सीबीईओ ने रिपोर्ट जिला शिक्षा विभाग को दी।

इनका कहना है

बालिका स्कूल में प्रधानाध्यापक द्वारा छात्राओं के साथ गलत हरकत करने के मामले की जांच रिपोर्ट मिली थी। रिपोर्ट प्रतिकूल होने के आधार पर प्रधानाध्यापक को निलंबित किया गया है।

महेंद्र बढ़ासरा, सहायक निदेशक, चूरू मंडल

Updated on:
09 Feb 2026 02:32 pm
Published on:
09 Feb 2026 02:32 pm