सीकर जिले में एक भामाशाह अपने गांव की सरकारी विद्यालय की छात्रा को उपहार में कार दे रहे हैं।
सीकर। संतों, सेठ-साहूकारों और भामाशाहें की धरती शेखावाटी हमेशा से देश की शिक्षा, चिकित्सा एवं उद्योग को बढ़ाने में अपना योगदान देती आई है। ऐसे ही युवा भामाशाह आदिल खान राेलसाहबसर अपने गांव की सरकारी विद्यालय की एक टॉपर छात्रा एंजल खान को राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, अजमेर की 10वीं बोर्ड परीक्षा में 95.50 प्रतिशत अंक अर्जित करने पर 7.11 लाख की कार उपहार में दे रहे हैं। वहीं 10वीं व 12वीं बोर्ड की पांच छात्राओं को 90 प्रतिशत से अधिक अंक अर्जित करने पर एक-एक लाख रुपए नकद पुरस्कार देंगे। 14 अप्रैल को रोलसाहबसर गांव के मुख्य चौक में आयोजित समारोह में यह पुरस्कार दिया जाएगा।
भामाशाह आदिल खान रोलसाहबसर ने बताया कि 15 अगस्त 2025 को विद्यालय के कार्यक्रम में मंच से उन्होंने घोषणा की थी कि जो भी विद्यार्थी 10वीं व 12वीं बोर्ड में सर्वाधिक अंक लाने पर एक कार और 90 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले विद्यार्थियों को एक-एक लाख रुपए की नकद राशि भेंट करेंगे।
राजस्थान राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद, उदयपुर के एडिशनल डायरेक्टर बजरंगलाल स्वामी ने बताया कि बेहतर परिणाम देने पर संभवत: प्रदेश की किसी सरकारी विद्यालय की छात्राओं काे पहली बार एक कार व पांच छात्राओं को एक-एक लाख का इनाम दिया जा रहा है।
शहीद मोहम्मद इकराम खान राउामा विद्यालय, रोलसाहबसर की10वीं की छात्रा पायल कुमारी ने 90.50 प्रतिशत अंक और महात्मा गांधी राउमावि, रोलसाहबसर की चार छात्राओं जिनमें 10वीं बोर्ड की अक्शा खान ने 94.83 प्रतिशत, सोफिया बानो 92 प्रतिशत अंक और 12वीं बोर्ड की रुकिया बानो 94.83 प्रतिशत और छात्रा फरीन खान 93.40 प्रतिशत अंक अर्जत किए हैं। इन पांचों छात्राओं को एक-एक लाख रुपए का इनाम प्रदान किया जाएगा।