
Sikar Panchayat Election 2026: लक्ष्मणगढ़ (सीकर): पंचायत राज चुनाव के परिणामों के बाद अब तीनों पंचायत समितियों में प्रधान पद को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। लक्ष्मणगढ़, बलारां और नेछवा में कांग्रेस ने स्पष्ट बहुमत हासिल किया है। कुल 45 सीटों में कांग्रेस को 28, भाजपा को 14 और निर्दलीयों को तीन सीटें मिली हैं। ऐसे में तीनों पंचायत समितियों में कांग्रेस के प्रधान बनने की संभावना है। पार्टी में जातिगत समीकरण, सामाजिक प्रतिनिधित्व, राजनीतिक परिवारों की भूमिका और संगठन में सक्रियता के आधार पर प्रधान पद के दावेदारों के नामों पर मंथन चल रहा है। कांग्रेस लक्ष्मणगढ़ में जाट या राजपूत, नेछवा में ब्राह्मण या मुस्लिम और बलारां में जाट या मुस्लिम चेहरे पर दांव खेल सकती है।
लक्ष्मणगढ़ पंचायत समिति में कांग्रेस जाट या राजपूत समाज से प्रधान का चेहरा आगे कर सकती है। जाट समाज से वार्ड 10 की रवीना गिठाला और वार्ड 13 की अनीता कुमारी कस्वा के नाम चर्चा में हैं। वहीं, राजपूत समाज से वार्ड 4 की पुष्पा कंवर संभावित दावेदार हैं। भाजपा की ओर से वार्ड 9 से निर्वाचित डॉ. नीतू चौधरी का नाम चर्चा में है। वे पूर्व केंद्रीय मंत्री सुभाष महरिया के करीबी और संगठन में सक्रिय नवरंग चौधरी लालासी की पुत्री हैं।
नेछवा पंचायत समिति में कांग्रेस की ओर से वार्ड 5 से निर्वाचित किरण देवी पारीक और वार्ड 3 से निर्वाचित यास्मीन बानो को प्रधान पद का संभावित दावेदार माना जा रहा है। किरण देवी ने निवर्तमान पंचायत समिति सदस्य जितेंद्र सिंह शेखावत की पत्नी गजेश सिंह को हराकर जीत दर्ज की है। वहीं, भाजपा की ओर से वार्ड 10 की एडवोकेट सुमन रॉयल का नाम चर्चा में है। वे नेछवा क्षेत्र के भाजपा नेता लक्ष्मण रॉयल की पुत्रवधू हैं।
बलारां पंचायत समिति में कांग्रेस मुस्लिम या जाट समाज से प्रधान का चेहरा आगे कर सकती है। मुस्लिम समाज से वार्ड 3 की रुबिया बानो का नाम चर्चा में है। वहीं, जाट समाज से वार्ड 7 की सुभिता देवी फगेड़िया और वार्ड 15 की सुमन चौधरी संभावित दावेदार हैं। सुभिता देवी ने भाजपा नेता भागीरथ गोदारा की पत्नी निर्मला देवी को हराया है। वहीं, सुमन चौधरी ने भूपसिंह पूनिया की पत्नी भारती को शिकस्त दी है। सुमन कांग्रेस नेता और सहकारी समिति अध्यक्ष सुभाष पूनिया की भाभी हैं। दोनों की जीत और राजनीतिक पृष्ठभूमि को देखते हुए उनके नामों पर चर्चा हो सकती है। दूसरी ओर, भाजपा ब्राह्मण चेहरे पर दांव खेल सकती है। वार्ड 13 की रंजना शर्मा और वार्ड 4 की गुलाब देवी संभावित दावेदारों में शामिल हैं।
लक्ष्मणगढ़ पंचायत समिति में कांग्रेस ने 10, भाजपा ने चार और निर्दलीय ने एक सीट जीती। बलारां में कांग्रेस को आठ, भाजपा को पांच और निर्दलीयों को दो सीटें मिलीं। नेछवा में कांग्रेस ने 10 और भाजपा ने पांच सीटों पर जीत दर्ज की। इस तरह तीनों पंचायत समितियों की कुल 45 सीटों में कांग्रेस के 28, भाजपा के 14 और निर्दलीयों के तीन सदस्य निर्वाचित हुए हैं।
प्रधान पद के लिए दोनों दलों को सामाजिक प्रतिनिधित्व और राजनीतिक समीकरणों के बीच संतुलन बनाना होगा। कांग्रेस के सामने अपने बहुमत के अनुरूप सर्वमान्य चेहरे चुनने की चुनौती है। वहीं, भाजपा भी संभावित दावेदारों के जरिए सामाजिक समीकरण साधने की कोशिश करेगी। फिलहाल, दोनों दलों में नामों को लेकर चर्चाएं जारी हैं। अंतिम फैसला पार्टी नेतृत्व और निर्वाचित सदस्यों की सहमति के आधार पर होगा।