सीकर

सीकर में पंचायत चुनाव के बीच हंगामा, मोबाइल लेकर बूथ में घुसने लगे युवक और बुजुर्ग; पुलिस से उलझे

सीकर में पंचायत चुनाव के दौरान हापास गांव में मोबाइल लेकर बूथ में घुसने पर युवक और बुजुर्ग की पुलिस से बहस हो गई। पुलिस ने दोनों को शांतिभंग में हिरासत में लिया।
2 min read
• •
Updated: 14 Nov 2026, 5:03 PM IST
sikar panchayat polls 2026
सीकर में पंचायत चुनाव के बीच हंगामा (पत्रिका फोटो)

Sikar Panchayat Election 2026: सीकर जिले में पंचायत चुनाव के अंतिम चरण के तहत शनिवार को जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान जारी है। दोपहर 3 बजे तक जिले में 52.29 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इस बीच हापास गांव में मतदान केंद्र पर मोबाइल ले जाने को लेकर हंगामा हो गया। पुलिस ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन युवक और बुजुर्ग पुलिसकर्मियों से उलझने लगे। मामला बढ़ता देख पुलिस ने दोनों को शांतिभंग के आरोप में हिरासत में ले लिया।

बता दें कि सीकर जिले की पांच पंचायत समितियों रामगढ़ शेखावाटी, फतेहपुर, बलारां, लक्ष्मणगढ़ और नेछवा में चुनाव कराए जा रहे हैं। यहां जिला परिषद के 12 और पंचायत समिति के 75 सदस्यों के लिए 4,01,124 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं। मतदान की प्रक्रिया शाम 6 बजे तक चलेगी। मामला लक्ष्मणगढ़ एरिया के तहत आने वाले हापास गांव में स्थित मतदान बूथ का है। बताया जा रहा है कि हंगामे के दौरान गाली-गलौज और धक्का-मुक्की भी हुई।

पांच पंचायत समितियों की 123 ग्राम पंचायतों में कल चुनाव

जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के बाद अब 16 नवंबर को पांचों पंचायत समिति क्षेत्रों की 123 ग्राम पंचायतों में पंच और सरपंच पदों के लिए मतदान होगा। इसके लिए प्रशासन ने सेक्टर और एरिया मजिस्ट्रेट नियुक्त किए हैं। सुरक्षा व्यवस्था के तहत सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ दो पुलिसकर्मी और एरिया मजिस्ट्रेट के साथ एक पुलिसकर्मी तैनात किया गया है।

431 बूथों पर 4 लाख से ज्यादा मतदाता डालेंगे वोट

जिला निर्वाचन अधिकारी आशीष मोदी के अनुसार, पंच-सरपंच चुनाव के लिए जिले में कुल 431 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें बलारां पंचायत समिति में 73, फतेहपुर में 96, लक्ष्मणगढ़ में 99, नेछवा में 84 और रामगढ़ शेखावाटी में 79 बूथ शामिल हैं।

इन बूथों पर कुल 4,01,124 मतदाता मतदान करेंगे। इनमें फतेहपुर और नेछवा पंचायत समिति क्षेत्र में एक-एक ट्रांसजेंडर मतदाता भी शामिल हैं। पंच और सरपंच पदों के लिए बैलेट पेपर 15 नवंबर को मतदान केंद्रों पर भेजे जाएंगे। 16 नवंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक वोटिंग होगी। मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद मतों की गिनती की जाएगी।

अनावश्यक री-काउंटिंग के आवेदन नहीं होंगे स्वीकार

अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी अनिल महला ने बताया कि 17 नवंबर को मतपेटियां और अन्य चुनाव सामग्री एसके गर्ल्स कॉलेज स्थित स्ट्रांग रूम में जमा करवाई जाएगी। मतगणना के बाद री-काउंटिंग की मांग तभी स्वीकार की जाएगी, जब उसका ठोस आधार होगा और रिटर्निंग अधिकारी उससे संतुष्ट होंगे। अनावश्यक री-काउंटिंग के आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।

Updated on:
14 Nov 2026, 5:03 PM IST
Published on: