सीकर

राजस्थान के सीकर में एक ही स्कूल की 2 बसें आपस में टकराई, सड़क पर मचा कोहराम, 30 मासूम बच्चे घायल

School Bus Accident: सीकर के दादिया थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह वृंदा वैली स्कूल की दो बसों में टक्कर से 30 बच्चे घायल हो गए। ओवरटेक की कोशिश में एक बस पलट गई। सभी बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

2 min read
Mar 17, 2026
Sikar School bus accident 30 Children Injured as Overtaking Attempt Causes Collision Between Two Buses
सीकर में एक ही स्कूल की 2 बसें आपस में टकराई (फोटो- पत्रिका)

Sikar School Bus Accident: राजस्थान के सीकर जिले से मंगलवार सुबह एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। दादिया थाना क्षेत्र के दुर्गापुरा नाड़ी जोहड़ी के पास वृंदा वैली स्कूल की दो बसों के बीच भीषण भिड़ंत हो गई।

बता दें कि इस हादसे में 30 बच्चे घायल हुए हैं, जिनमें से अधिकांश प्राथमिक कक्षाओं के छोटे छात्र हैं। गनीमत यह रही कि इस भयावह टक्कर के बावजूद फिलहाल सभी बच्चों की स्थिति स्थिर बताई जा रही है।

कैसे हुआ हादसा?

प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, यह हादसा मंगलवार सुबह उस वक्त हुआ जब दोनों बसें बच्चों को घर से लेकर स्कूल की ओर जा रही थीं। मुख्य सड़क पर पहुंचते ही रफ्तार और आगे निकलने की होड़ ने स्थिति को बिगाड़ दिया।

ओवरटेक की गलती

एक बस के चालक ने दूसरी बस को ओवरटेक करने का प्रयास किया। ओवरटेकिंग के दौरान दोनों बसें किनारे से आपस में टकरा गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक बस संतुलन खोकर सड़क किनारे पलट गई, जबकि दूसरी बस के चालक ने अचानक इमरजेंसी ब्रेक लगाए।

अचानक लगे झटके और पलटने के कारण बस के भीतर कोहराम मच गया। बच्चे अपनी सीटों से उछलकर आगे की ओर जा गिरे, जिससे कई मासूमों के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं।

राहत और बचाव कार्य

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई, जिसे सुनकर स्थानीय ग्रामीण तुरंत मदद के लिए दौड़े। ग्रामीणों और सूचना पर पहुंची पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए शीशे तोड़कर और गेट खोलकर बच्चों को बाहर निकाला।

निजी वाहनों और एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। बच्चों को पिपराली के सरकारी अस्पताल और सीकर के एसके (SK) अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई

मामले की जानकारी देते शहर कोतवाल सुनील जांगिड़ ने बताया, दुर्घटना की जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रथम दृष्टया दुर्घटना का कारण चालकों की लापरवाही और खतरनाक तरीके से ओवरटेक करना सामने आया है। पुलिस अब स्कूल प्रशासन और चालकों की भूमिका की गहराई से जांच कर रही है।

Updated on:
17 Mar 2026 02:53 pm
Published on:
17 Mar 2026 02:47 pm