सीकर

Sikar Zila Pramukh: क्रॉस वोटिंग के बावजूद कांग्रेस की बड़ी जीत, सुनीता गठाला ने बीजेपी की सुनीता रणवां को 17 वोटों से हराया

सीकर जिला प्रमुख चुनाव में कांग्रेस ने क्रॉस वोटिंग के झटकों के बावजूद भाजपा को करारी शिकस्त दी है। कांग्रेस की सुनीता गठाला ने भाजपा की सुनीता रणवां को 17 वोटों से हराकर जिला प्रमुख की कुर्सी हासिल की। गठाला को 33 और रणवां को 16 वोट मिले।
2 min read
• •
Updated: 25 Nov 2026, 5:35 PM IST
Sikar Zila Pramukh
Sikar Zila Pramukh: सीकर की नवनिर्वाचित जिला प्रमुख सुनीता गठाला (फोटो-पत्रिका)

सीकर। राजस्थान के सीकर जिला प्रमुख चुनाव में कांग्रेस ने तमाम सियासी उठापटक और क्रॉस वोटिंग के बीच बड़ी जीत दर्ज की है। कांग्रेस की सुनीता गठाला जिला प्रमुख निर्वाचित हुई हैं। उन्होंने भाजपा की प्रत्याशी सुनीता रणवां को 17 वोटों से शिकस्त दी। मतदान के बाद हुई मतगणना में सुनीता गठाला को कुल 49 में से 33 वोट मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी सुनीता रणवां के खाते में 16 वोट आए। चुनाव परिणाम ने कांग्रेस को बड़ी राहत दी है, वहीं भाजपा ने भी अपने निर्धारित संख्या बल से ज्यादा वोट हासिल कर राजनीतिक समीकरणों को चर्चा में ला दिया है।

सीकर जिला परिषद में कुल 49 सदस्य हैं। हाल ही में हुए चुनाव में कांग्रेस ने 36 सीटों पर जीत दर्ज की थी, जबकि भाजपा के 11 सदस्य निर्वाचित हुए थे। एक सीट पर निर्दलीय प्रत्याशी ने जीत हासिल की थी। कांग्रेस ने एक सीपीआईएम और एक निर्दलीय सदस्य के समर्थन का दावा करते हुए 38 सदस्यों का समर्थन होने की बात कही थी। जिला प्रमुख चुनाव में बहुमत के लिए 25 वोट जरूरी थे।

कांग्रेस के 36 सदस्य, फिर भी 33 वोट मिले

चुनाव का सबसे चौंकाने वाला पहलू क्रॉस वोटिंग रहा। कांग्रेस को अपने 36 सदस्यों के बावजूद 33 वोट ही मिले। वहीं भाजपा के 11 सदस्यों के मुकाबले उसकी प्रत्याशी सुनीता रणवां को 16 वोट हासिल हुए। चुनाव के दौरान कांग्रेस के तीन सदस्यों की क्रॉस वोटिंग और एक निर्दलीय सदस्य के भाजपा के पक्ष में मतदान करने की चर्चा सामने आई, जिससे बीजेपी को 5 वोट अधिक हासिल हुए।

किसान की बेटी को बनाया जिला प्रमुख

सुनीता गठाला वार्ड नंबर 11 से जिला परिषद सदस्य निर्वाचित हुई हैं। उनकी उम्र 46 साल है और वे पोस्ट ग्रेजुएट हैं। वे कांग्रेस की जिला अध्यक्ष भी हैं और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के करीबी नेताओं में गिनी जाती हैं। जिला प्रमुख का पद ओबीसी महिला वर्ग के लिए आरक्षित था। कांग्रेस ने इसी वर्ग से आने वाली सुनीता गठाला पर भरोसा जताया और उन्हें प्रत्याशी बनाया।

जीत के बाद सुनीता गठाला भावुक नजर आईं। उन्होंने विक्ट्री साइन दिखाकर समर्थकों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि एक किसान की बेटी को जिला प्रमुख बनाया गया है। वे गांवों की छोटी से छोटी समस्या दूर करने के लिए काम करेंगी। क्रॉस वोटिंग के सवाल पर उन्होंने कहा कि इस बारे में बाद में बात करेंगी।

डोटासरा की प्रतिष्ठा भी थी दांव पर

सीकर जिला प्रमुख का चुनाव कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और भाजपा के वरिष्ठ नेता हरिराम रणवां के लिए भी प्रतिष्ठा का सवाल बना हुआ था। दोनों दलों ने अपने जिला परिषद सदस्यों की बाड़ेबंदी की थी। मतदान के दिन कांग्रेस के सदस्य बस में सवार होकर कड़ी सुरक्षा के बीच जिला परिषद पहुंचे। भाजपा के सदस्य भी एक साथ मतदान करने आए। चुनाव परिणाम के साथ ही सीकर जिला परिषद में कांग्रेस का बोर्ड बनने का रास्ता साफ हो गया है।

यह वीडियो भी देखें :

Also Read
View All