सीकर

“यहां हालात ठीक नहीं…” परिवार से आखिरी वीडियो कॉल के बाद ड्रोन हमले में राजस्थान के युवक की मौत

Sikar News: सीकर के विक्रम वर्मा की ओमान में ड्रोन हमले में मौत हो गई। घटना से एक दिन पहले उन्होंने परिवार से वीडियो कॉल पर बात की थी। जानिए पूरा मामला।
less than 1 minute read
Mar 17, 2026
Feature image
फोटो- AI

Sikar News: सीकर जिले के खंडेला इलाके के अगलोई गांव के 22 साल के विक्रम वर्मा की ओमान में ड्रोन हमले में जान चली गई। यह घटना 14 मार्च को हुई। इस घटना में खास बात यह है कि हमले से एक दिन पहले ही विक्रम ने अपने परिवार से ग्रुप वीडियो कॉल पर बात की थी। उस समय उन्होंने घरवालों को भरोसा दिलाया था कि वह सब ठीक हैं।

मजदूरी के लिए गया था विदेश

विक्रम 23 फरवरी को रोजगार की तलाश में ओमान गया था। जहां वो एक कंस्ट्रक्शन कंपनी में सड़क निर्माण का काम कर रहा था। परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए वह विदेश गया था और घर का इकलौता कमाने वाला था।

आखिरी बातचीत में जताई थी चिंता

वीडियो कॉल के दौरान विक्रम ने अपनी मां, बहन और रिश्तेदारों से बात की थी। उन्होंने बताया था कि उन्हें समय पर खाना मिल रहा है और काम भी ठीक है, लेकिन वहां के हालात को लेकर चिंता भी जताई थी। किसी को अंदाजा नहीं था कि यह उनकी आखिरी बातचीत होगी।

शव पहुंचते ही गांव में मातम

मंगलवार को विक्रम का शव गांव पहुंचा, जहां माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया। अंतिम संस्कार के दौरान परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। कंपनी की ओर से ही शव को भारत भेजने का इंतजाम किया गया। इससे पहले नागौर जिले के एक युवक की भी 1 मार्च को मिसाइल हमले में मौत हो चुकी है। वह क्रूड ऑयल कंपनी के जहाज पर काम करता था।

Published on:
17 Mar 2026 05:18 pm