सीकर

शेखावाटी समाचार: सीकर में राजनेता को मारने की साजिश, लक्ष्मणगढ़ में दबोचे 3 बदमाश; ऑटोमेटिक हथियार व 64 कारतूस जब्त

Sikar Crime: विदेश में बैठे एक बड़ी गैंग के गैंगस्टारों की निशानेदेही पर उनके गुर्गे सीकर के एक राजनेता और एक बड़े ज्वैलर को टारगेट कर पिछले तीन माह से उनकी हत्या की सुनियोजित प्लानिंग कर रहे थे।
2 min read
Jun 20, 2026
Gang war plot foiled in Sikar
ऑटोमेटिक हथियार व 64 कारतूस के साथ पकड़े 3 बदमाश। फोटो: एआई

सीकर। शेखावाटी में गैंगवार का नाम थमने का नाम नहीं ले रहा है। गैंगस्टर विदेशों में बैठे-बैठे ही अपने गुर्गों व शूटरों क जरिए अपने टारगेट को निशाना बना रहे हैं। सूत्रों ने बताया कि विदेश में बैठे एक बड़ी गैंग के गैंगस्टारों की निशानेदेही पर उनके गुर्गे सीकर के एक राजनेता और एक बड़े ज्वैलर को टारगेट कर पिछले तीन माह से उनकी हत्या की सुनियोजित प्लानिंग कर रहे थे। एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) की निशानेदेही पर सीकर पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नूनावत व उनकी टीम ने देर रात 11 बजे सीकर व लक्ष्मणगढ़ के रोरू बड़ी गांव में दबिश देकर तीन बड़े बदमाशों को पकड़ा है।

इन बदमाशों के पास से चार ऑटोमेटिक अत्याधुनिक हथियार और 64 जिंदा कारतूस जब्त किए हैं। पुलिस ने सीकर कोतवाली व लक्ष्मणगढ़ थाना में दो मामले दर्ज किए हैं। सीकर की एफआइआर की जांच दादिया थानाधिकारी को सौंपी गई है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि एसपी प्रवीण नायक नूनावत के निर्देश पर पुलिस टीमें गठित कर सीकर शहर के बजाज रोड स्थित जैन हॉस्पिटल के सामने धोबियां का मोहल्ला में एक फ्लेट में दबिश दी। सीकर की पुलिस टीमों व एजीटीएफ की टीम ने यहां से एक आरोपी को पकड़ा। आरोपी के पास भारी मात्रा में हथियार व कारतूस बरामद हुए।

आरोपी से सख्ती से पूछताछ की तो उसने लक्ष्मणगढ़ में अपने अन्य साथियों के होने की सूचना दी। एसपी ने दूसरी पुलिस टीमों को तुरंत लक्ष्मणगढ़ के रोरू बड़ी गांव के लिए रवाना किया गया। पुलिस ने लक्ष्मणगढ़ के एक गांव से दो युवकों को पकड़ा है। दोनों जगह से कुल 3 बदमाशों को पकड़कर 4 ऑटोमेटिक हथियार व 64 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। सूत्रों के अनुसार एजीटीएफ, जयपुर के अधिकारियों व सीकर पुलिस के आला अधिकारियों ने आरोपियों से सख्ती से पूछताछ की तो उन्होंने सारा नेटवर्क बता दिया।

धोबी व जानकार दोस्तों के जरिए लिया था फुल फर्निश्ड फ्लेट

बदमाशों ने सीकर में बजाज रोड पर अपने गांव रोरू बड़ी, लक्ष्मणगढ़ के युवक जयप्रकाश शर्मा व विकास शर्मा के जरिए करीब तीन महीने पहले 25 मार्च बजाज रोड पर 18 हजार रुपए में फुली फर्निश्ड फ्लेट किराए पर ले रखा था। फ्लेट में एसी, फ्रीज, बेड सहित सभी अत्याधुनिक सुविधाएं मौजूद हैं। विकास व जयप्रकाश ने अपने नाम पर यह फ्लेट लिया था और फिर फ्लेट को बदमाशों को दे दिया। जयप्रकाश व विकास ज्योतिष का काम करते हैं। पुलिस अधिकारियों ने विकास के बयान भी लिए हैं।

पहले भी हो चुकी हत्या की प्लानिंग

सीकर के एक राजनेता व ज्वैलर को मारने के लिए इससे पहले भी हमले की साजिश हो चुकी है। लेकिन पिछली बार भी पुलिस ने गैंगस्टर व उनके गुर्गों की कोशिश को नाकाम कर दिया था। कुछ दिनों पूर्व ही विदेश में बैठे गैंगस्टर रोहित गोदारा के साथी हिस्ट्रीशीटर राहुल रिणाउ के जीजा शिव गौतम को गिरफ्तार किया गया था। इसी ने रुपए देकर एक छात्र से ज्वैलर की रैकी करवाई थी। ज्वैलर को हथियारबंद पुलिस जवान की सुरक्षा मिली हुई है।

इनका कहना है

हमने सीकर व लक्ष्मण्गढ़ से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से चार हथियार व 64 कारतूस बरामद हुए हैं। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। बदमाशों को ग्लोरिफाई नहीं किया जाए और उनके हौसले तोड़े जाऐं, ऐसा प्रयास कर रहे हैं। युवाओं को संदेश है कि वे छोटे-मोटे लालच में अपराध के दलदल में नहीं फंसे।
-प्रवीण नायक नूनावत, पुलिस अधीक्षक, सीकर

Updated on:
20 Jun 2026 01:57 pm
Published on:
20 Jun 2026 01:57 pm