सीकर

सीकर में जहरीले धुएं से महिला की मौत, 15 बच्चों समेत 23 लोग अस्पताल में भर्ती; कपड़ा फैक्ट्री के नए प्लांट से गैस लीक का अंदेशा

सीकर के शांतिनगर कॉलोनी में शनिवार शाम जहरीला धुआं फैलने से हड़कंप मच गया। धुएं का असर करीब एक किलोमीटर तक रहा। सांस फूलने और सीने में दर्द से बुजुर्ग महिला नसीमा (65) की मौत हो गई। 15 बच्चों समेत 23 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया।

2 min read
Nov 23, 2025
15 बच्चों समेत 23 लोग अस्पताल में भर्ती (फोटो- पत्रिका)

Sikar News: सीकर शहर के शांतिनगर कॉलोनी में शनिवार शाम जहरीले धुएं से अफरा-तफरी और दहशत का माहौल हो गया। यहां शाम करीब छह बजे पूरी कॉलोनी में अचानक धुआं छा गया, जिसका असर करीब एक किलोमीटर के क्षेत्र में रात 9.30 बजे तक रहा।

बता दें कि इससे हॉस्टल के बच्चों और कॉलोनी के लोगों को तेज खांसी, सांस फूलना और सीने में दर्द की शिकायत होने लगी। तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर बच्चों और अन्य प्रभावितों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। सांस लेने में ज्यादा तकलीफ के कारण कॉलोनी की बुजुर्ग महिला नसीमा (65) पत्नी मोहम्मद सलीम की मौत हो गई।

23 लोग अस्पताल में भर्ती

वहीं, एसके अस्पताल में देर रात तक 15 बच्चों सहित 23 लोगों को भर्ती किया गया है। इस कॉलोनी में साड़ियों और कपड़ों को जलाकर उनमें से धातु निकालने की फैक्ट्री है। जहां शनिवार को ही नया प्लांट स्थापित किया गया था और यहीं से जहरीली गैस के रिसाव की आशंका है।

सूचना पर कलक्टर मुकुल शर्मा, एसपी प्रवीण नायक नूनावत सहित कई अधिकारी घटना स्थल पर पहुंचे। राजस्थान स्टेट पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड सीकर की रीजनल ऑफिसर सविता ने बताया कि फैक्ट्री को सीज किया जाएगा। प्राथमिक जांच में एक फैक्ट्री से केमिकल रिसाव की बात सामने आई है। फिलहाल, जांच जारी है।

गंधहीन था धुआं

कॉलोनी निवासी स्वीटी ने बताया कि धुआं पूरी तरह गंधहीन था। शाम करीब सात बजे अचानक यह धुआं चारों ओर फैल गया। इससे खांसी आने के साथ सांसें फूलने और सिर में दर्द होने लगा। कॉलोनी के लोग मास्क लगाकर घरों से बाहर जाने लगे।

अभी कारण स्पष्ट नहीं

अभी धुआं फैलने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं लगा है। महिला की मौत के मामले में जांच कराई जा रही है कि सामान्य मौत है या इसी वजह से मौत हुई। जांच के बाद ही मौत के कारणों के बारे में पता लग सकेगा।
-रतन कुमार, अपर जिला कलक्टर, सीकर

ये भी पढ़ें

झुंझुनूं: श्मशान के पास प्लास्टिक की थैली में लिपटा मिला नवजात बच्चा, रोने की आवाज सुनकर ग्रामीणों ने बचाई जान

Published on:
23 Nov 2025 07:30 am
Also Read
View All

अगली खबर