सिंगरौली

सिंगरौली में विकास के दावों की खुली पोल! बीमार को खाट पर लादकर नाला पार करा रहे आदिवासी ग्रामीण

Amalkpur Belwani : पुलिया न होने से अमलकपुर-बेलवानी के करीब एक हजार आदिवासी परिवार परेशान हैं। बीमार को खाट पर लादकर नाला पार करा रहे ग्रामीण। मरीजो को अस्पताल पहुंचाने के लिए जान जोखिम में डालने को मजबूर रहते हैं परिजन।
2 min read
• •
Updated: 14 Nov 2026, 5:46 PM IST
Amalkpur Belwani
बीमार को खाट पर लादकर नाला पार करते परिजन (फोटो सोर्स: Patrika)

Singrauli News :मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में विकास के दावों के बीच एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने सरकारी योजनाओं और प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालात ये हैं कि, आजादी के करीब 80 साल बाद भी देश के कई इलाकों में लोगों को मूलभूत सुविधाओं तक से वंचित रहना पड़ रहा है। इसकी ताजा बानगी देखने को मिली जिले के देवसर जनपद पंचायत के अमलकपुर-बेलवानी गांव में, जहां महज एक पुलिया न होने के कारण करीब एक हजार आदिवासी परिवारों को रोजमर्रा की जिंदगी में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

हालात इतने खराब हैं कि, अगर किसी ग्रामीण की तबीयत बिगड़ जाए तो उसे अस्पताल पहुंचाना भी उसके परिवार के लिए जीवन की बड़ी चुनौतियों में से एक बन जाता है। गांव में बुनियादी सुविधा के अभाव की एक दर्दनाक तस्वीर एक बार फिर सामने आई है। गांव के फुले बैगा की तबीयत खराब होने पर परिजन को उन्हें अस्पताल ले जाने के लिए खाट का सहारा लेना पड़ा। परिजन बीमार फुले बैगा को खाट पर लादकर नाला पार कराते नजर आए। नाला पार कराने के बाद उन्हें बरका अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई।

पुलिया न होने से हर दिन होती है मुश्किलों का सामना

बीमार को खाट पर लादकर नाला पार करते परिजन (फोटो सोर्स: Patrika)

अमलकपुर-बेलवानी के ग्रामीणों के लिए नाला पार करना मजबूरी है। खासकर बारिश और नाले में पानी बढ़ने के दौरान स्थितियां बेहद गंभीर हो जाती हैं। बच्चों, बुजुर्गों और बीमारों को आवाजाही में सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ता है। आपात स्थिति में मरीज को अस्पताल तक पहुंचाने के लिए भी ग्रामीणों को एक-दूसरे की मदद लेनी पड़ती है।

कोयले और बिजली से समृद्ध जिले में विकास की तस्वीर?

सिंगरौली देश के प्रमुख ऊर्जा और कोयला उत्पादक जिलों में शामिल है। यहां से सरकार को करोड़ों रुपए का राजस्व मिलता है। बावजूद इसके जिले के आदिवासी बाहुल्य गांवों में बुनियादी सुविधाओं का अभाव चिंता का विषय है। ग्रामीणों की इस परेशानी ने जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मंचों से विकास और जनकल्याण की बातें होती हैं, लेकिन अमलकपुर-बेलवानी की तस्वीर जमीनी हकीकत बयां कर रही है।

Updated on:
14 Nov 2026, 5:46 PM IST
Published on: