सिंगरौली

इंश्योरेंस कंपनी के ऑफिस में मैनेजर से मारपीट और तोड़फोड़, रौंगटे खड़े करने वाला CCTV वायरल

Insurance Company Manager : कोतवाली थाना इलाके में स्थित एक इंश्योरेंस कंपनी ऑफिस में मैनेजर से मारपीट हुई है। 3 बदमाश अचानक ऑफिस में घुसे और युवक पर डंडे - हथियारों से हमला कर दिया।
2 min read
Insurance Company Manager
इंश्योरेंस कंपनी ऑफिस में मैनेजर से मारपीट (Photo Source- Patrika)

Insurance Company Manager :मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के कोतवाली थाना इलाके में स्थित एक इंश्योरेंस कंपनी के दफ्तर में दिनदहाड़े घुसकर कंपनी के मैनेजर के साथ बेरहमी से मारपीट और ऑफिस में तोड़फोड़ का सनसनीखज मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि, मारपीट की ये घटना भाजपा के जिला कार्यालय के सामने हुई है, जहां इंश्योरेंस ऑफिस में घुसकर आकाश चौरसिया नाम के शख्स पर तीन अज्ञात बदमाशों ने हमला किया है।

बता दें कि, तीनों हमलावर युवक अचानक ऑफिस में घुस आए और वहां मौजूद कंपनी के मैनेजर आकाश चौरसिया के साथ जमकर मारपीट शुरु कर दी। इस दौरान ऑफिस में काम कर रही दो अन्य युवतियों को भी बाहर जाने से रोके जाने की बात सामने आई है। आरोप है कि, हमलावरों ने ऑफिस के बाहर खड़ी कार में भी तोड़फोड़ कर उसे क्षतिग्रस्त किया है। लाठी डंडे से हुई मारपीट के चलते आकाश चौरसिया का हाथ फ्रैक्चर हो गया, जबकि उनके शरीर पर भी कई गंभीर चोटें आई हैं। पीड़ित ने मामले की शिकायत थाने में दर्ज कराई है। मारपीट के कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल होने लगे हैं।

सामने आया मारपीट का वीडियो

इधर, घटना के बाद इंश्योरेंस कंपनी में हुई मैनेजर के साथ मारपीट के कुछ वीडियोज भी सोशल मीडिया पर वायरल होने लगे हैं। एक वीडियो कंपनी के बाहर का बताया जा रहा हैस जिसमें हाथों में लाठी- डंडे लिए बदमाश सड़क से कंपनी में घुसते दिखाई दे रहे हैं, जबकि दूसरे वीडियो में वो पीड़ित पर ताबड़तोढ़ हमले करते दिखाई दे रहे हैं। मारपीट के वक्त ऑफिस में मौजूद दो महिला इम्प्लाई बेहद घबरा गई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि, बदमाशों ने एक तरफ तो उनके सामने मैनेजर को बेरहमी से पीटा और वहीं उन्हें भी बाहर निकलने को मना कर दिया। महिला कर्मचारियों ने बदमाशों पर बंधक बनाने का आरोप लगाया।

दिल्ली से जुड़ रहे मारपीट के तार!

घटना से जुड़ा CCTV फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो दो दिन पुराना बताया जा रहा है। हमलावर युवक पिछले तीन दिनों से रेकी कर रहे थे। सूत्रों के मुताबिक, हमले में शामिल युवक दिल्ली से जुड़े कारोबारी पक्ष के बताए जा रहे हैं, लेकिन पुलिस ने अभी तक इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। फिलहाल, कोतवाली पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और वायरल CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई करने की बात कह रही है।

Updated on:
09 Apr 2026 02:18 pm
Published on:
09 Apr 2026 02:17 pm