
सीधी. जिला निर्वाचन अधिकारी दिलीप कुमार ने नियुक्त नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि, दायित्वों का निर्वहन समय-सीमा में करें। साथ लगाए गए अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थित सुनिश्चित करें। लापरवाही करने वालों के विरूद्ध कड़ी अनशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अवि प्रसाद, अपर कलेक्टर डीपी वर्मन और नोडल अधिकारी उपस्थित रहे। मतदान दलों के लिए अधिकारियों कर्मचारियों का डाटाबेस तैयार कर प्रशिक्षण की व्यवस्था के निर्देश दिए हैं। साथ ही निर्वाचन में उपयोग की जाने वाली सामग्रियों की जरूरत का आकलन कर उपलब्धता सुनिश्चित करने कहा है। वाहनों की जरूरत अनुसार उपलब्धता के निर्देश दिए हैं।
आचार संहिता के उल्लंघन एवं पेड न्यूज पर रखें नजर
कहा, आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन पर दोषी के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई करें। मीडिया सेल पेड न्यूज पर सतत निगरानी रखे। आयोग द्वारा निर्धारित आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की रिपोर्ट प्रतिदिन आयोग को भेजी जाएगी। शिकायत कक्ष को सभी शिकायतों को दर्ज कर संबंधित अधिकारियों को भेजने के निर्देश दिए हैं।
संपत्ति विरूपण की कार्रवाई
विभाग प्रमुखों को निर्देश दिए कि, कार्यालय तथा परिसर से राजनैतिक एवं अवैध रूप से लगे फ्लैक्स, बैनर, पंपलेट, दीवार लेखन तत्काल हटाएं। कार्यालय में राजनैतिक व्यक्ति के चित्र नहीं होने चाहिए। कोई व्यक्ति या संस्था सार्वजनिक संपत्ति को विरूपित करता है तो दंडात्मक कार्रवाई करें। विगत दिवस सेक्टर अधिकारियों की बैठक में चिन्हित कमियों को आगामी एक सप्ताह में दूरकर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं। सभी मतदान केंद्रो में रेलिंग, रैंप, पेयजल, शौचालय, प्रकाश, दो दरवाजे सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। आयोग द्वारा नियुक्त प्रेक्षकगण द्वारा चाही जाने वाली जानकारी का फोल्डर उपलब्ध कराने, निर्देशों से अद्यतन रखने तथा व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने कहा।
शस्त्र लायसेंस निलंबित
जिला मजिस्ट्रेट दिलीप कुमार ने लायसेंसधारियों के ास्त्र लायसेंस 6 अक्टूबर से 13 दिसंबर तक निलंबित किए हैं। लायसेंसधारियों को शस्त्र आगामी तीन दिवस के अंदर निकटतम पुलिस थाना में जमा कर पावती प्राप्त करना सुनिश्चित करें। आदेश अद्र्ध सौनिक बलों, पुलिस बल, नगर सैनिक बल, सीमा सुरक्षा बल आदि पर जिनकों सुरक्षा व्यवस्था, चुनाव व्यवस्था आदि के लिए कर्तव्य पालन के हर समय एवं विशिष्ट व्यक्तियों, अधिकारियों एवं उम्मीदवारों की सुरक्षा हेतु लगाया गया हो तथा सार्वजनिक प्रतिष्ठानों बैंक की सुरक्षा के लिए तैनात सुरक्षा कर्मियों पर प्रभावशील नहीं होगा। सार्वजनिक स्थान पर आग्नेय शस्त्र, विस्फोटक पदार्थ एवं घातक पदार्थ लेकर तथा तलवार, बल्लम, फर्सा, भाला, कटार, छुरी, गुप्ती, लाठी आदि लेकर न तो स्वयं चलेगा न ही किसी को ऐसा करने हेतु उत्प्रेरित करेगा और न ही करेगा।