सिंगरौली

MP के इस जिला अस्पताल परिसर में पल रहे डेंगू के लार्वा, जानबूझकर स्वास्थ्य विभाग कर रहा अनदेखी

स्वास्थ्य महकमा बना लापरवाह, गमले व कूलर में भरा बरसाती पानी
2 min read
district hospital, waidhan, madhya pradesh
district hospital, waidhan, madhya pradesh

सिंगरौली। शासन व प्रशासन की चेतावनी के बाद भी जिला प्रशासन डेंगू जैसी खतरनाक बीमारी को लेकर सतर्क नहीं है, जबकि डेंगू दस्तक दे चुका है। हैरत की बात यह कि जिला अस्पताल में रखे कूलर व गमले में बरसाती पानी भरा है, जो डेंगू के लार्वा के पनपने के लिए मददगार बन गया है। मगर, अस्पताल प्रशासन का ध्यान इस ओर नहीं जा रहा है। किसी को पानी निकालने तक की फुरसत नहीं है। हालांकि जिम्मेदार डेंगू बुखार की आहट से इनकार कर रहे हैं।

ये है मामला
अगर बुखार के साथ जोड़ों में तेज दर्द हो रहा हो तो सावधान हो जाएं। यह डेंगू बुखार के लक्षणों में से एक है। डॉक्टरों की मानें तो इस लक्षण के तीन से चार मरीज रोजाना जिला अस्पताल की ओपीडी में आ रहे हैं। मगर, डेंगू जांच की सुविधा न होने से लोग जांच व इलाज के लिए जिले से बाहर जा रहे हैं। जी हां, मौसम बदलते ही संक्रामक बीमारियों का दौर शुरू हो जाता है। खासकर बरसात के दिनों में तो हर परिवार में कोई न कोई बीमार ही रहता है।

संक्रामक बीमारी के आसार
इन दिनों जिला अस्पताल में मलेरिया के साथ ही डेंगू जैसी संक्रामक बीमारी के लक्षण वाले मरीज आ रहे हैं। मगर लोगों को इस बारे में जानकारी ही नहीं है। बैढऩ स्थित जिला अस्पताल में प्रतिदिन कुछ ऐसे मरीज आ रहे हैं, जिन्हें तेज बुखार के साथ जोड़ों में दर्द होता है। डॉक्टर उन्हें मलेरिया की जांच कराने को बोलते हैं, लेकिन उनके रक्त में मलेरिया के कीटाणु नहीं पाए जाते हैं। इसके बाद डॉक्टर उन्हें अन्य बड़े अस्पतालों के लिए रेफर कर देते हैं, जबकि ये सारे लक्षण चिकनगुनिया और डेंगू के होते हैं।

जांच व उपचार की व्यवस्था नहीं
जिला अस्पताल में डेंगू, चिकनगुनिया, हीमोफीलिया, फाइलेरिया आदि बीमारियों के जांच व इलाज की सुविधा नहीं है। लैब टेक्नीशियन के छह पद के सापेक्ष सिर्फ दो नियुक्त हैं।

ऐसे करें बचाव
एडिस इजिप्टी मच्छर के लार्वा साफ पानी में फैलते हैं। ये दिन में काटते हैं। घर व उसके आसपास पानी न जमा होने दें। पीडि़त मरीज के पास ज्यादा देर तक न बैठें।दिन में पूरा शरीर ढंककर रखें। एंटीलार्वा दवाओं का इस्तेमाल करें।

डेंगू के लक्षण
- मच्छर काटने से सप्ताह भर बाद अचानक तेज बुखार
- सिर, बदन, आंख और मांसपेशियों में दर्द
- शरीर में लाल चिकत्ते व दाने का निकलना
- गंभीर हालत में नाक, मुंह, दातों से रक्तस्राव होना
- प्लेटलेट्स का तेजी से घटना

Published on:
04 Jul 2018 08:26 pm