
सिंगरौली. जनाब... देश की ऊर्जाधानी में मरीजों को इलाज मयस्सर नहीं है। मरीजों का उपचार कैसे बेहतर हो जब अस्पताल सहित स्वास्थ्य केन्द्र खुद ही बीमार है। चिकित्सकों की कमी तो अरसे से चल रही है। आश्चर्यजनक है कि जिले के कई स्वास्थ्य केंद्र बिना डाक्टरों के ही चल रहे हैं। डॉक्टर यहां कब आते हैं या फिर आते ही नहीं, मतलब डाक्टरों का किसी को दर्शन नहीं होते। जिससे मरीजों को समुचित उपचार नहीं मिल पा रहा है और स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सकों के अभाव में उन्हें मजबूरी में झोलाछाप डॉक्टरों से उपचार कराना पड़ रहा है।
स्वास्थ्य केंद्रों के दावे खोखले
जिले के स्वास्थ्य केन्द्रों में शासन और विभागीय अधिकारियों के दावे खोखले दिख रहे हैं। डॉक्टर न होने से गांवों के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बीमारियों की वजह से कभी-कभी मरीजों की जान पर खतरा मंडराता रहता है। ऐसी परिस्थितियों में हजारों लोगों के बीच स्वास्थ्य केन्द्रों पर डॉक्टर की उपस्थिति होना अनिवार्य है। इस मसले को लेकर स्वास्थ्य महकमा ध्यान नहीं दे रहे हैं। ऐसे में लोग भगवान भरोसे ही हैं। इससे लोगों में असंतोष व्याप्त है।
नि:शुल्क जांच के दावे खोखले
कागजों में योजनाएं स्वास्थ्य विभाग की ओर से भले ही जिला अस्पताल से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर नि:शुल्क जांच और दवा देने का दावा करती है। लेकिन सभी जगह योजना कागजों में ही संचालित हो रही है। स्वास्थ्य केन्द्रों में न तो दवाएं लिखने के लिए डॉक्टर हैं और न ही जांच करने के लिए स्टॉफ इस वजह से ग्रामीणों को नि:शुल्क जांच की सुविधा नहीं मिल पा रही है। मरीजों को बिना जांच कराए ही मलेरिया, उल्टी दस्त, टाइफाइड सहित तमाम बीमारी का इलाज कराना पड़ रहा है।
प्राइवेट में कराना पड़ रहा इलाज
मरीजों का कहना है कि सरकारी अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाएं न मिलने से नगर में संचालित क्लीनिकों पर इलाज कराना पड़ता है। लोगों ने बताया कि कई बार गैर अनुभवि लोगों से इलाज कराने पर मरीजों की स्थिति और भी ज्यादा खराब हो जाती है। लोगों ने बताया कि अस्पताल में डाक्टरों की मांग को लेकर कई बार स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से मिल चुके हैं लेकिन अभी तक चिकित्सकों की व्यवस्था नहीं की जा सकी है। इससे लोग परेशान हैं।