
सिंगरौली. जिला अस्पताल में तीन दिन पहले भर्ती हुई गर्भवती की मौत गुरुवार को इलाज के दौरान हो गई। महिला खून की कमी का दंश झेल रही थी। उसके पेट में सात माह का गर्भ था। परिजनों ने डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है। जानकारी के अनुसार, चितरंगी क्षेत्र के करहिया हरफरी गांव की आशा देवी सिंह गोंड़ (२५) पत्नी रंगलाल सिंह तीन दिन पहले इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती की गई थी। वह काफी कमजोर थी।
डॉक्टरों ने मौत की वजह खून की कमी बताई
डॉक्टरों ने उसके शरीर में खून की कमी होने की बात कही थी। एक दिन पहले उसे एक यूनिट रक्त चढ़ाया भी गया था। परिजनों ने बताया कि एक सप्ताह पहले से आशा की तबीयत खराब चल रही थी। इलाज के लिए उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चितरंगी में भर्ती किया गया था। जब उसकी सेहत में सुधार नहीं हुआ तो उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मृतका के परिजनों ने डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाए हैं। बता दें कि महिला को तीन साल का एक बच्चा भी है।
इधर, जहरीला पदार्थ खाने से महिला गंभीर
माड़ा थानांतर्गत कोयलखंूथ निवासी एक महिला ने अज्ञात कारणों से जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ती देख परिजनों ने उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया है। जानकारी के अनुसार, कोयलखूथ निवासी सविता देवी (40 वर्ष) ने अज्ञात कारणों से जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया था। हालत बिगड़ते देख परिजनों ने उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया है। जहां महिला की हालत में सुधार बताई जा रही है।