सिंगरौली

बिजली का बिल पाने बदला तरीका, जानिए ग्राहकों को अब क्या होगी सुविधा

लागू की गई नई व्यवस्था...
2 min read
Oct 21, 2018
Electricity company will now take online bill receipt
Electricity company will now take online bill receipt

सिंगरौली. जिले में बिजली उपभोक्ताओं के मीटर की फोटो रीडिंग के आधार पर बिल वितरण संबंधी कार्यप्रणाली को बिजली कंपनी के स्तर पर और सुदृढ़ किया गया है। अब मीटर रीडर संबंधित उपभोक्ता को बिजली बिल का वितरण करने के साथ ही उससे मोबाइल फोन में ही इसकी पावती भी लेेंगे ताकि उपभोक्ताओं की बिल नहीं मिलने की शिकायतों पर पूर्ण रूप से काबू पाया जा सके। इसी माह से जारी होने वाले जिले के ग्रामीण क्षेत्र में नलकूप कनेक्शन के लिए जारी होने वाले बिलों में यह नई व्यवस्था लागू हो जाएगी। इससे कुछ माह पहले बिजली कंपनी के स्तर पर मीटर की फोटो युक्त रीडिंग की प्रणाली लागू की गई थी।

बिजली कंपनी की ओर से जिले के ग्रामीण क्षेत्र में कृषि कार्य के लिए नलकूप के छमाही बिल इसी माह बनेंगे तथा इनका उपभोक्ताओं को आगामी माह में वितरण किया जाएगा। कृषि श्रेणी के उपभोक्ताओं को उपभोग की गई बिजली का हर छह माह में एक बार बिल दिया जाता है। इसके तहत ही अक्टूबर माह तक उपभोग की गई बिजली का बिल आगामी नवम्बर माह में वितरण किया जाएगा।

संबंधित उपभोक्ता तक बिल पहुंचना सुनिश्चित करने के लिए बिजली कंपनी की ओर से नई व्यवस्था लागू की गई है। इसके तहत बिल वितरण के बाद मीटर रीडर की ओर से अपने मोबाइल फोन में उपभोक्ता से पावती भी ली जाएगी। इसके बाद संबंधित मीटर रीडर उस पावती को बिजली कंपनी के आनलाइन पोर्टल पर अपलोड कर देगा। ऐसा होने से कोई भी कृषि उपभोक्ता बिल नहीं मिलने को लेकर शिकायत नहीं कर सकेगा और बिजली कंपनी उससे तय तिथि पर बिल की वसूली कर सकेगी।

इससे उपभोक्ता व बिजली कंपनी के बीच बिल राशि को लेकर किसी भी विवाद से बचाव होगा व काम की गुणवत्ता बढ़ेगी। बताया गया कि जिले के ग्रामीण क्षेत्र में लगभग ३६ हजार कृषि कनेक्शन हैं। ग्रामीण क्षेत्र में इन उपभोक्ताओं पर ही सबसे पहले नई व्यवस्था को लागू किया गया है। इसके बाद यह व्यवस्था घरेलू व अन्य श्रेणी के उपभोक्ताओं पर लागू की जाएगी। बताया गया कि इसके लिए बिजली कंपनी की ओर से मीटर रीडरों के मोबाइल फोन में नए एप को डाउनलोड किया गया है।

बिजली कंपनी के इसी एप से मीटर रीडर बिल वितरण करने के बाद संबंधित उपभोक्ता की मोबाइल फोन में ही पावती ले सकेंगे। इससे पहले बिल वितरण होने के बाद भी काफी मामलों में बिजली कंपनी व उपभोक्ता के बीच समय पर बिल नहीं मिलने को लेकर विवाद होता था। इनमें से काफी विवाद तो अदालत की चौखट तक पहुंच जाते थे।

मीटर रीडरों को प्रशिक्षण
सभी वितरण केन्द्रों के अधीन कार्यरत मीटर रीडरों को उपभोक्ता से बिल की मोबाइल में पावती लेने के लिए प्रशिक्षण दिया गया है। उनके फोन में नया एप भी अपलोड कर दिया गया है। अभी इससे ग्रामीण क्षेत्र के कृषि कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं की पावती ली जाएगी व बाद में अन्य श्रेणी में इसका उपयेाग होगा। इससे काम की गुणवत्ता में सुधार का लाभ मिलेगा।
एमएस चंदेल, कार्यपालन यंत्री, बिजली, ग्रामीण।

Published on:
21 Oct 2018 07:48 am