सिंगरौली

थाना प्रभारी से नहीं बैठ रहा तालमेल, पुलिस के निशाने पर है सिंगरौली की यह शराब दुकान

नवानगर पुलिस देसी शराब की दुकान पर तालाबंदी कर दी और सेल्समेन को थाने ले गई
2 min read
• •
Updated: 25 Dec 2017, 8:41 PM IST
Liquor shop in Singrauli Navanagar closed
Liquor shop in Singrauli Navanagar closed

सिंगरौली. शहर की नवानगर पुलिस सोमवार को अपने अधिकारों से भी आगे निकल गई। पुलिस ने दोपहर बाद देसी शराब की दुकान पर तालाबंदी कर दी और सेल्समेन को थाने ले गई जबकि पुलिस को दुकान को लेकर किसी भी प्रकार की कार्रवाई का अधिकार नहीं है। सूचना पर विभागीय अधिकारी मौके पर पहुंचे और पंचनामा तैयार किया। दुकान बंद कराने का थानाधिकारी भी संतोषप्रद जवाब नहीं दे पाए। मामला कथित रुप से मंथली का बताया जा रहा है।

नवानगर पुलिस की टीम दोपहर में अचानक देसी शराब की दुकान पर पहुंची। हेड कांस्टेबल ने सेल्समैन को बाहर निकालते हुए ताला ठोक दिया तथा उसे पुलिस थाने ले गए। सेल्समैन को पकड़ ले जाने का कारणों का देर रात तक पता नहीं चला लेकिन जानकारों के अनुसार पुलिस ने दुकानदार से मंथली को लेकर अधिकारों से परे जाकर उक्त कार्रवाई की।

विभाग ने बनाया पंचनामा
सूचना पर जिला आबकारी अधिकारी अनिल जैन, अतिरिक्त जिला आबकारी अधिकारी अखलाक अहमद कुरैशी मय टीम मौके पर पहुंचे और पंचनामा तैयार किया। सूत्रों के अनुसार इस प्रकार पुलिस दुकान बंद नहीं करवा सकती। यह सरकारी राजस्व को सीधा नुकसान है। दुकानदार को दुकान बंदी से जितना नुकसान हुआ, आबकारी नियमों के अनुसार उसकी भरपाई पुलिस की जेब से करवाई जा सकती है।

दो दिन पहले अहाता बंद कराया
दो दिन पहले भी पुलिस ने दुकान के बाहर दादागिरी दिखाते हुए अहाता बंद करवा दिया था जबकि आबकारी नीति में देसी मदिरा की दुकान के साथ अहाते का प्रावधान है। अंग्रेजी शराब की दुकान के लिए अलग से लाइसेंस दिए जाने का नियम है। इसके लिए दो प्रतिशत राशि जमा करानी होती है। पता चला है कि जिला कलेक्टर की दखल के बाद अहाता चल पाया।

और भड़क गईं पुलिस
अहाता पुन: शुरू होने से नवानगर पुलिस और भी भड़क गईं। इस बार सेल्समैन को ही दुकान से उठा लिया और अवैध तरीके से दुकान पर ताला लगा दिया। जानकारों का आरोप है कि मंथली की राशि पुलिस बढ़ाने का दबाव डाल रही थी। ठेकेदार इसके लिए तैयार नहीं हुआ तो पुलिस येन केन प्रकारेण दुकान को बंद करवाने के प्रयास में लग गई। सोमवार की कार्रवाई को लेकर पुलिस शाम तक जवाब नहीं दे पाई। थाना प्रभारी से पत्रिका ने जानना चाहा तो बोले कि टीम गई हैं। उसके आने के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा जबकि सेल्समैन को दोपहर बाद ही उठा लिया था।
................
पुलिस की यह कार्रवाई अवैध है। दुकान पर ताला लगाकर सेल्समैन को थाने ले जाया गया। हमने मौका पंचनामा तैयार कर लिया है।
अखलाक अहमद कुरैशी
अतिरिक्त जिला आबकारी अधिकारी

पुलिस टीम मौके पर गई हैं। उसके आने के बाद ही सेल्समैन को क्यों लाया गया, कुछ बताया जा सकेगा। वैसे हमने ताला नहीं लगाया। हमें भी नियमों का पता है।
नरेन्द्र रघुवंशी थाना प्रभारी, नवानगर

दुकान को बंद नहीं कराया जा सकता। मौका पंचनामा तैयार हो गया है। हम कल ही कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक को रिपोर्ट करेंगे।
अनिल जैन
जिला आबकारी अधिकारी, सिंगरौली

Published on: