
Nidhi Tiwari Death Case: मध्य प्रदेश के सिंगरौली की इन्फ्लुएंसर निधि तिवारी मामले (Nidhi Tiwari Case) को लेकर हर दिन नई जानकारी सामने आ रही है। मामले में दिल्ली में काम करने वाले पंजाब निवासी युवक सोनू सिंह और निधि के प्रेम संबंध की जानकारी सामने आ रही है। बुधवार को मिली जानकारी के अनुसार, निधि के दुनिया छोड़ देने के बाद उसके परिजनों का रो-रोकर बूरा हाल है। सिंगरौली के मोरवा स्थित घर में निधि अपनी मां और दो छोटी बहनों के साथ रहती थी। उसकी एक छोटी बहन की शादी हो चुकी है। वह अपने पति के साथ इसी मकान में रहती हैं। घटना वाले दिन निधि के छोटे जीजा ने कमरे का दरवाजा तोड़ा था।
मां के अनुसार सोनू का सिंगरौली में आना-जाना लगा रहता था। वह मोरवा के जीएस ग्रैंड होटल में रुकता था। वह निधि को होटल में मिलने बुलाया करता था। होटल और निधि के घर के बीच दूरी करीब 150 मीटर बताई जा रही है। परिजनों के अनुसार, सोनू निधि पर शक करता था और 24 घंटे उसपर नजर रखता था। इस वजह से निधि चिड़चिड़ा रहने लगी थी। इसी बीच उसे सोनू के दो बच्चों का पिता होने की जानकारी मिली। इसके बाद रिश्ते को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होने लगा।
परिजनों के अनुसार, सोनू निधि से बातचीत में अभद्र कमेंट करने लगा था। वह निधि से कहता था- तुम नाचती हो, रील बनाती हो, तुमसे शादी कौन करेगा? इस तरह वह निधि को प्रताड़ित (Nidhi Tiwari Reels) करने लगा था। परिजनों ने निधि को सोनू से दूरी बनाने की समझाइश भी दी लेकिन दोनों के बीच बातचीत जारी रही। परिजन घटना के बाद से सोनू सिंह के खिलाफ ठोस कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। उनका साफ कहना है कि सोनू ही निधि को परेशान कर रहा था। छोटी बहन ने बताया कि कई बार निधि अपने कमरे में रोने लगती, जब उससे कारण पूछते तो वह कहती कि यह दुनिया खराब है। तुम किसी पर निर्भर मत रहना, खूब पढ़ाई करो और अपने पैरों पर खड़े होना।
निधि की मां ने बताया कि वे एक बार सोनू से मिली हैं। वह इंजीनियर है। उसने खुद को पंजाब का निवासी बताया था। दिल्ली में नौकरी करता था। कंपनी के काम के सिलसिले में अक्सर वैढ़न आता था। यहां वह मोरवा क्षेत्र की ही होटल में रुकता था। निधि से उसकी पहचान किसी कार्यक्रम में हुई थी। यहां वह होटल में निधि को मिलने के लिए बुलाता था। निधि की बहन ने बताया कि सोनू के गले में एक टैटू है, जिसमें मां लिखा है। हाथ में भी एक टैटू बना है। वह हल्की दाढ़ी रखता है। रंग गोरा है, लंबा है।