
Influencer Nidhi Tiwari death case: कथित प्रेमी सोनू सिंह का निवास बना सस्पेंस (फोटो सोर्स- Nidhi Tiwari Facebook)
Influencer Nidhi Tiwari Death Case update:सिंगरौली के मोरवा थाना क्षेत्र के भूसा मोड़ में सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर निधि तिवारी की मौत के मामले में उसके परिजनों ने दिल्ली निवासी सोनू सिंह की भूमिका को लेकर कई गंभीर बातें पुलिस के सामने रखी है। यही नहीं, सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, सोनू सिंह की पहचान भी एक बड़ा रहस्य बन गई। निधि का कथित प्रेमी सोनू सिंह के आधार कार्ड ने सस्पेंस (Sonu Singh Aadhaar Card) को और बढ़ा दिया है। इसके अलावा छोटी बहन ने सोनू सिंह और निधि की बीच रोजाना होती बातचीत को लेकर ऐसे तथ्य सामने रखे जिससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि निधि तिवारी ने शनिवार शाम को ऐसा कदम उठाया जिससे वह हमेशा के लिए शांत हो गई।
इस मामले में घटना के दो दिन बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है। हालांकि पुलिस फिलहाल कुछ भी खुलासा नहीं कर रही है, लेकिन पता चला है कि एक टीम सोनू सिंह की तलाश में दिल्ली रवाना की गई है। इधर, मोरवा के जिस होटल में सोनू अक्सर रुकता था, वहां से उसका रिकॉर्ड लिया गया है। बताया गया है कि सोनू सिंह के बारे में निधि तिवारी के परिवार को यह पता था कि वह पंजाब का रहने वाला है, लेकिन वह मोरवा में जिस होटल में ठहरता था, पुलिस जांच में होटल से सोनू सिंह का आधार कार्ड मिला है। सोनू के आधार कार्ड पर झारखंड के धनबाद का पता दर्ज है। अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका कि सोनू दिल्ली में रहता है, पंजाब में या झारखंड में। आधार कार्ड वाली जानकारी सामने आने के बाद सोनू सिंह की पहचान को लेकर संशय बढ़ गया है।
इस गंभीर घटनाक्रम में जांच को लेकर पुलिस की कोई दिशा तय नहीं है। आला अफसरों ने मौके पर जाकर पीड़ित परिवार से बातचीत करने की जहमत तक नहीं उठाई। हालत यह है कि अफसरों को पूरे घटनाक्रम की सच्चाई तक पता नहीं है। पुलिस ने सिर्फ मौके पर पहुंचकर परिजनों के बयान दर्ज किए और मोबाइल फोन जब्त किया। अफसरों ने यह तक नहीं बताया कि घटनाक्रम के समय उस घर में कौन-कौन थे, परिवार के कितने सदस्य यहां रह रहे हैं। पुलिस सिर्फ मां-बेटी के ही रहने की बात कह रही है, जबकि घटना के समय घर में मृतका की दो छोटी बहनें, मां के अलावा एक बहन का पति भी मौजूद था।
Updated on:
30 Sept 2026 09:04 am
Published on:
30 Sept 2026 08:51 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
