
सिंगरौली. जिला मुख्यालय पर विधानसभा चुनाव के प्रशिक्षण से गैरहाजिर रहने पर ११ सेक्टर मजिस्ट्रेट और २ मास्टर ट्रेनर को नोटिस जारी किया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग चौधरी ने शनिवार को यह कार्रवाई की। कार्यक्रम के अनुसार शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में विधानसभा चुनाव के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेटों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। मगर 11 सेक्टर मजिस्टे्रट व दो मास्टर ट्रेनर प्रशिक्षण में अनुपस्थित रहे। इस पर उनको मध्यप्रदेश सिविल सेवा ( वर्गीकरण नियंत्रण अपील) नियम 1966 तथा लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा 134 (1) के तहत कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। इसके साथ ही उनसे जबाव तलब किया गया है।
कई अधिकारी चपेट मेें, जवाब तलब
मामले में सेक्टर मजिस्टे्रट आरपीसिंह सीडीपीओ महिला व बाल विकास विभाग, इंद्रबहादुर सिंह सहायक परियोजना अधिकारी, राम अवतार सिंह वन क्षेत्रपाल, अमित तिवारी सीडीपीओ, जीएस कंवर सहायक आयुक्त वाणिज्य कर विभाग, राम अवतारसिंह कौशिक कार्यपालन यंत्री जल संसाधन विभाग, लवकुशसिंह एसडीओ कृषि, हरिहरसिंह उप पंजीयक तथा पीके यादव प्रबंधक सिविल एनटीपीसी विंध्यांचल को नोटिस जारी किया गया है। इसके साथ ही मास्टर ट्रेनर एसके मिश्रा वरिष्ठ अध्यापक शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बैढऩ व ओपी पड़वार प्राचार्य शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरई को नोटिस जारी किया गया है।
77 वीवीपैट मशीनों का परीक्षण
जिले के लिए रीवा से पहुंची 77 वीवीपैट मशीनों का शनिवार को जिला निर्वाचन कार्यालय में जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग चौधरी सहित अन्य अधिकारियों ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के समक्ष बंगलूरू से आए दो विशेषज्ञ इंजीनियरों ने परीक्षण किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक रियाज इकबाल ने इंजीनियरों से वीवीपैट मशीन की प्रक्रिया की जानकारी ली। जिला निर्वाचन अधिकारी चौधरी ने भी पुलिस अधीक्षक को मशीन के पार्ट के संबंध में अवगत कराया।