
Road Accident :मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के अंतर्गत आने वाले परसौना-रजमिलान मुख्य मार्ग पर स्थित बनौली गांव के पास मंगलवार तड़के कोल परिवहन कर रहे तेज रफ्तार भारी वाहन की टक्कर से एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजन ने सड़क पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया। मौके पर भारी संख्या में पुलिसबल तैनात किया गया है। वहीं, घटनास्थल पर पहुंची तहसीलदार ने ग्रामीणों को समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
जानकारी के मुताबिक, अशर्फीलाल उर्फ जवाहर लाल जायसवाल पिता रामलखन जायसवाल निवासी कर्सुआ अमलोरी से नाइट ड्यूटी करके वापस घर जा रहा था। इसी दौरान बनौली के पास कोल परिवहन कर रहे ट्रेलर वाहन ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि, युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। युवक की मौत की खबर गांव में फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन घटनास्थल पर एकत्र हो गए। लोगों में भारी आक्रोश देखा गया।
ग्रामीणों का आरोप था कि इस मार्ग पर दिन रात कोल परिवहन करने वाले भारी वाहनों की तेज रफ्तार से लगातार हादसे हो रहे हैं लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। लोगों ने कहा कि ओवरलोड और बेलगाम गति से दौड़ रहे कोल वाहनों के कारण आम लोगों का सडक़ पर निकलना मुश्किल हो गया है।
गुस्साए लोगों ने परसौना-रजमिलान मार्ग पर शव को रखकर चक्काजाम शुरू कर दिया। इससे मुख्य मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। जिससे यातायात पूरी तरह बाधित है। सूचना मिलने पर पुलिस सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। अधिकारियों ने मृतक के परिजनों को हर संभव सहायता और दोषी वाहन चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। लेकिन आक्रोशित ग्रामीण व परिजन मानने को तैयार नही हैं।
स्ग्राथानीय लोगों का कहना है कि, इस रास्ते पर हर वक्त कोल परिवहन करने वाले भारी वाहन तेज रफ्तार में गुजरते रहते हैं। इससे लगातार हादसे हो रहे हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है। लोगों ने कहा कि ओवरलोड और बेलगाम गति से दौड़ रहे कोल वाहनों के कारण आम लोगों का सडक़ पर निकलना मुश्किल हो गया है।