
Kanchan Jewellers Firing CCTV Video: मध्य प्रदेश के सिंगरौली शहर के जयंत गोलीकांड मामले में शुक्रवार को पुलिस के हाथ बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से आरोपियों की पहचान कर दो संदिग्ध लोगों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी झारखंड के बताए जा रहे है। दोनों की उम्र 17 साल बताई जा रही है।
बता दें कि,जयंत इलाके के चहल-पहल वाले मस्जिद मार्केट स्थित बजरंग कॉम्प्लेक्स में गुरुवार शाम करीब 7 बजे चार हथियारबंद बदमाशों ने कंचन ज्वेलर्स में धावा बोल दिया था और फायरिंग की। बदमाशों ने दुकान में लूटपाट की। वारदात के दौरान दुकान संचालक अखिलेश वर्मा गंभीर और लुटेरों को पकड़ने के लिए दौड़े दुकान के कर्मचारी राहुल कुमार विश्वकर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए।
वारदात के बाद बदमाश 500 ग्राम ज्वेलरी यानी करीब 75 लाख रुपए और 2.50 लाख रुपए नकदी लूटकर नकाबपोश बदमाश फरार हो गए। बाइक से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक षियाज केएम घटनास्थल पर पहुंचे थे। एसपी के निर्देश पर मामले की जांच शुरू की गई।
जयंत के व्यस्त मस्जिद मार्केट में ज्वेलरी दुकान में हथियारबंद बदमाशों की वारदात के बाद व्यापारियों में डर का माहौल है। कारोबारियों का कहना है कि बाजार में शाम ढलते ही यदि ऐसी घटनाएं हो सकती है तो व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता स्वाभाविक है। घटना के बाद कई दुकानदारों ने पुलिस गश्त बढ़ाने, बाजार क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों पर नियमित पुलिस तैनाती की मांग की है।
शुक्रवार सुबह इस वारदात का सीसीटीवी फुटेज सामने आया। फुटेज के माध्यम से पुलिस ने आरोपियों की पहचान की और दो संदिग्ध आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया है। शुक्रवार को मिली जानकारी के अनुसार दोनों आरोपी झारखंड के बताए जा रहे है। दोनों का नेहरू चिकित्सालय में मेडिकल चेकअप। बताया गया है कि दोनों नाबालिग है। आईजी एवं डीआईजी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच करेंगे। हालांकि लुटेरे दुकान से कितनी कीमत के आभूषण और नकदी ले गए। इसका अभी आधिकारिक आंकड़ा सामने नहीं आया है।