
Singrauli Blind murder case update- मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में पुलिस ने अंधे मर्डर के मामले की गुत्थी को 72 घंटे के भीतर सुलझा दिया। मृतक की पत्नी सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार प्रेम प्रसंग और पारिवारिक विवाद के चलते इस हत्या की साजिश रची गई थी। पत्नी इस मामले की मास्टरमाइंड बताई जा रही है। पुलिस पूछताछ के दौरान के आरोपी पत्नी ने बार-बार अपने बयान बदले लेकिन जब महिला पुलिसकर्मी ने सख्ती दिखाई तो उसने पूरे राज उगल दिए।
जानकारी के मुताबिक, 21 जून को थाना चितरंगी क्षेत्र के ग्राम भरी के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-39 किनारे बोल्डर के पीछे एक व्यक्ति का शव संदिग्ध अवस्था में मिला था। मृतक की पहचान ग्राम भरी निवासी रघुनाथ उर्फ सरजू खैरवार (38) के रूप में हुई। परिजनों ने बताया था कि वह 19 जून को गांव में आयोजित एक शादी समारोह में जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। शव मिलने के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की और हत्या की आशंका के आधार पर अपराध दर्ज किया।
पुलिस अधीक्षक सिंगरौली के निर्देशन और वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में थाना चितरंगी और साइबर सेल की टीम ने मामले की जांच की। पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को मृतक की पत्नी रामकली खैरवार पर संदेह हुआ। पूछताछ में सामने आया कि मृतक शराब का आदी था और पत्नी के साथ अक्सर मारपीट करता था, जिससे वह परेशान रहती थी।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि रामकली का माड़ा थाना क्षेक्षा के ग्राम मलगा निवासी नीरज कुमार शाह (23) से प्रेम संबंध था। पुलिस के अनुसार, रामकली ने अपने प्रेमी नीरज को को पति की हत्या के लिए उकसाया। योजना के तहत 19 जून को नीरज अपने साथी सूरज सिंह गोंड़ (22) के साथ ग्राम भरी पहुंचा। दोनों आरोपियों ने रघुनाथ को शराब पिलाने के बहाने हाईवे किनारे ले जाकर उसके साथ मारपीट की और पत्थर से सिर पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को सड़क किनारे बोल्डर के पीछे फेंक दिया गया।
मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने आरोपी नीरज कुमार शाह, सूरज सिंह गोंड़ और रामकली खैरवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन तथा अन्य साक्ष्य बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध हत्या और एससी/एसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की है। आरापियों को जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, मृतक रघुनाथ की पत्नी रामकली (30) का नीरज कुमार शाह (23) से प्रेम संबंध था। दोनों रघुनाथ को अपने रिश्ते में बाधा मानते थे। इसी वजह से रामकली, उसके प्रेमी नीरज शाह और नीरज के साथी सूरज सिंह गोंड ने साथ में मिलकर पति को रास्ते से हटा दिया।