सिंगरौली

टावर से गिरे श्रमिक की दर्दनाक मौत, क्षेत्र में खिंचा सनाका

माड़ा थाना क्षेत्र के खम्हरिया पावरग्रिड की घटना
2 min read
• •
Updated: 8 Oct 2018, 12:17 AM IST
angry
action

सिंगरौली. माड़ा थाना क्षेत्र के खम्हरिया पावरग्रिड में टावर लाइन से गिरने पर एक श्रमिक की दर्दनाक मौत हो गयी। घटना के बाद कंपनी के अधिकारी उक्त मामले को छिपाने की कोशिश करने लगे। मृतक के परिजनों का आरोप है कि कंपनी पर माड़ा एसडीएम के साथ-साथ स्थानीय पुलिस भी मेहरबान रही। मृतक के परिजनों को मनाने के लिए बिचौलियों को भी आगे कर दिया था।

पावरग्रिड कंपनी की बड़ी लापरवाही
जानकारी के अनुसार शनिवार की शाम करीब 6 बजे खम्हरिया पावरग्रिड में काम कर रहे जगदीश यादव पिता अनंतलाल यादव (26) की दर्दनाक मौत हो गयी। बताया गया है कि पावरग्रिड कंपनी की लापरवाही के चलते यह घटना घटित हुई है। घटना के बाद कंपनी के अधिकारियों ने बिना परिजनों को सूचना दिए आनन-फानन में एनटीपीसी अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने श्रमिक को मृत घोषित कर दिया था।

कंपनी पर मेहरबान एसडीएम व पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही परिजन बदहवाश हालत में एनटीपीसी अस्पताल पहुचे जहां चीख-पुकार शुरू हो गयी। वहीं परिजनों ने एसडीएम व स्थानीय पुलिस प्रशासन पर मामले का लीपापोती करने का आरोप लगाया है। हालांकि स्थानीय प्रशासन की ओर से पावरग्रिड कंपनी से मृतक के परिजनों को 50 हजार रुपए तुरंत दिलाया गया है। वहीं 8 लाख रुपए देने का आश्वासन दिया गया है। इधर माड़ा टीआई नेहरू सिंह का कहना है कि उक्त घटनाक्रम को लेकर जांच चल रही है। जांच में दोषी पाये जाने पर कार्रवाई की जायेगी।

मौके से फरार कंपनी प्रबंधन
परिजनों का आरोप है कि जिस समय घटना हुई ठीक उसके बाद कंपनी प्रबंधन मौके से फरार हो गया था। हालांकि एसडीएम ने कंपनी प्रबंधन को बुलवाया और परिजनों की मांग को पूरा करने की बात कही। करीब 2 घंटे तक माड़ा एसडीएम एसपी मिश्रा और पावरग्रिड कंपनी के अधिकारियों के बीच बातचीत हुई। जिसमें परिजनों को साढ़े 8 लाख रूपये और मृतक के पत्नी को नौकरी देने की सहमति बनी। लेकिन मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। स्थानीय लोग उन्हें सांत्वना देने में जुटे थे।

Published on: