
Singrauli Sand Mafia Murder Case: मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिले में बिरसा मुंडा की जयंती के बीच रेत के अवैध कारोबार का विरोध करना एक आदिवासी युवक को भारी पड़ गया। अपने ही खेत से रेत उठाने से मना करने पर रेत माफिया ने युवक की ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या कर दी। घटना रविवार शाम करीब 4 बजे खुटार चौकी क्षेत्र के निमिहवांडाड़ बिहरा में हुई। घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है और ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
जानकारी के अनुसार अरुण रावत (36) निवासी निमिहवांडाड़ बिहरा के खेत से रेत माफिया सुनील कुमार पटेल रेत उठा रहा था। अरुण रावत खेत पर पहुंचा और उसे रेत उठाने से रोका तो दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि इसी दौरान सुनील कुमार ने ट्रैक्टर से कुचलकर अरुण रावत की हत्या कर दी और फरार हो गया। घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि अरुण के तीन बच्चे हैं जिनके सिर से पिता का हाथ उठ गया है।
जिस जमीन से परिवार की आजीविका जुड़ी है। उसी खेत से रेत उठाने का विरोध करने पर युवक की जान चले जाने की घटना ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस घटना ने सिंगरौली जिले में रेत के अवैध उत्खनन और परिवहन पर नियंत्रण की व्यवस्था को फिर कठघरे में खड़ा कर दिया है। सबसे बड़ा सवाल ये है कि आखिर किसके संरक्षण में रेत का अवैध कारोबार संचालित हो रहा है जिसके कारण अपने ही खेत से रेत उठाने का विरोध करने पर आदिवासी युवक को जान गंवानी पड़ी है। इस घटना के बाद ग्रामीणों का आरोप है कि खुटार चौकी पुलिस रेत माफिया को बचाने में जुटी है।