
Sirohi-Pindwara Firing Case: सिरोही: पिंडवाड़ा पुलिस थाना क्षेत्र के काटल गांव स्थित कादंबरी बांध की नदी रपट पर वीर बावसी मंदिर के पास मंगलवार देर शाम पुरानी पारिवारिक रंजिश ने खूनी रूप ले लिया था। आपसी कहासुनी के बाद हुई फायरिंग में सिर में गोली लगने से भगाराम (32) पुत्र केसाराम गरासिया की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कालूराम (34) पुत्र सामीरा राम गरासिया गंभीर घायल हो गया। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी तेरसाराम गरासिया को 8 घंटे के भीतर अवैध पिस्टल समेत गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, ठंडी बेरी निवासी भगाराम और कालूराम के परिवारों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। मंगलवार शाम करीब 6 बजे कालूराम अपने साथी के साथ मंदिर के पास पहुंचा। इसी दौरान भगाराम भी वहां आ गया। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद हाथापाई शुरू हो गई। झगड़े के दौरान तेरसाराम ने पिस्टल निकालकर फायरिंग कर दी। एक गोली पीछे खड़े भगाराम के सिर में लगी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, कालूराम की कनपटी को छूते हुए गोली पेट में जा लगी।
राहगीरों की सूचना पर थाना अधिकारी चेल सिंह चौहान जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों को पिंडवाड़ा राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया। चिकित्सकों ने भगाराम को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर घायल कालूराम को प्राथमिक उपचार के बाद गुजरात रेफर किया गया। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। सूचना पर पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ भी अस्पताल पहुंचे और घटनाक्रम की जानकारी ली। मृतक का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया।
वारदात की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देशन में थाना अधिकारी चेल सिंह चौहान के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस के अनुसार आरोपी मालेरा टोल नाका तोड़कर भागा। पुलिस ने देवला-गोगुंदा मार्ग पर उसका पीछा किया और सायला की पहाड़ियों में घेराबंदी कर करीब 8 घंटे में उसे पिस्टल समेत गिरफ्तार कर लिया।
भगाराम की मौत से परिवार में मातम छा गया। मृतक के पीछे चार बेटियां और चार बेटे समेत आठ बच्चे हैं। पिता की मौत के बाद परिवार के सामने जीवन-यापन का संकट खड़ा हो गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। दोनों परिवारों के बीच पूर्व से विवाद और थाने में शिकायत की जानकारी भी सामने आई है।