
Aburoad Pradhan Election Result : आबूरोड। पंचायत समिति आबूरोड में शुक्रवार को हुए प्रधान पद के चुनाव में बागी होकर निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ी कांग्रेस की पूर्व विधायक और पूर्व जिलाध्यक्ष गंगाबेन गरासिया को एक भी वोट नहीं मिला। स्वयं ने भी कांग्रेस को वोट देने का दावा किया है। चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी को मेवली 19 मत लेकर प्रधान बनी। प्रतिद्वंदी निर्दलीय लाली को 4 मत और निर्दलीय गंगाबेन को एक भी मत नहीं मिला।
इधर, पार्टी की ओर से टिकट नहीं देने से नाराज पूर्व विधायक गंगाबेन मतदान करने के बाद खुद को संभाल नहीं सकी और आक्रोशित होकर कांग्रेस पदाधिकारियों को जमकर खरी-खरी सुनाई। इस दौरान कुछ समय के लिए मौके पर सन्नाटा पसर गया। इसके बाद वह वाहन से रवाना हो गई।
गंगाबेन गरासिया कांग्रेस के टिकट से पंचायत समिति सदस्य पद का चुनाव जीती थी। इसके बाद प्रधान के लिए उन्होंने कांग्रेस से नामांकन दाखिल किया, लेकिन पार्टी ने दूसरी महिला को प्रत्याशी घोषित कर दिया। गंगाबेन शुक्रवार को मतदान के लिए करीब शाम करीब सवा चार बजे मतदान केंद्र पंचायत समिति सभागार पर पहुंची। इस दौरान वह गुस्से में नजर आई।
मतदान के बाद केंद्र से बाहर आते ही उन्होंने मतदान केंद्र के बाहर एक तरफ बैठे पार्टी पदाधिकारियों पर गुस्सा जताया। पूर्व विधायक गरासिया ने पार्टी पदाधिकारियों की तरफ हाथ से इशारा करते कहा कि, देखना क्या हाल करूंगी, यह मैं गंगाबेन बोल रही हूं। ठेकेदारों थोड़ा ध्यान से रहना। कांग्रेस के ठेकेदारों कितनी बार कांग्रेस को बेचोगे। जहां तुमको कहना है कह देना। मैंने भी कांग्रेस के लिए कार्य किया है। पार्टी के लिए कुछ किया है। तुम ठेकेदार, होटलों में जाकर कांग्रेस को बेचते हो। उन्होंने एक पार्टी पदाधिकारी पर पैसे लेने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा मुझे पार्टी से कोई नाराजगी नहीं है, ठेकेदारों से नाराजगी है।
गंगाबेन गरासिया ने प्रधान पद के लिए कांग्रेस की तरफ से नामांकन भरा था। कांग्रेस ने इस पद के लिए अधिकृत प्रत्याशी के रूप में मेवली को टिकट देने का पत्र रिटर्निंग अधिकारी को सौंपा। नाम वापसी में गंगाबेन ने अपना नामांकन वापस नहीं लिया और निर्दलीय प्रत्याशी बनकर चुनाव मैदान में रही। हालांकि, उन्हें एक भी मत नहीं मिला। उन्होंने अपना मत पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में देने का दावा किया।
प्रधान प्रत्याशी गंगाबेन गरासिया ने कहा कि बिना राय पार्टी के ठेकेदार बनकर टिकट दिए हैं। मुझे टिकट देने की बात कही थी, इसलिए मैंने पार्टी से प्रधान पद के प्रत्याशी के रूप में नामांकन जमा करवाया था। मैंने वोट कांग्रेस को दिया है, गद्दार नहीं हूं। आप जिलाध्यक्ष और प्रभारी से भी तो पूछो।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष लीलाराम गरासिया ने कहा कि पूर्व विधायक, पार्टी चुनाव प्रभारी ने पंचायत समिति के चुने हुए कांग्रेस के एक-एक सदस्य से प्रधान पद के प्रत्याशी के बारे में राय ली थी। उनसे पूछा था कि प्रबल दावेदार कौन है। इसके बाद ही मेवली को प्रधान पद का उम्मीदवार बनाया। आज उन्होंने जीत दर्ज की है, आप देख लें।