
सिरोही। माउंट आबू शहर के एक गेस्ट हाउस में ठहरे युवकों का जयपुर एटीएस के अधिकारी बनकर 5-6 अज्ञात बदमाशों की ओर से कथित अपहरण कर फिरौती वसूलने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बदमाश सिरोही के मंडवारिया निवासी युवक का अपहरण कर ले गए और डेढ़ लाख रुपए वसूलने के बाद उसे भारत माला रोड पर छोड़ कर फरार हो गए। मामले में माउंट आबू पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार मामला आपसी लेनदेन का सामने आया है। जांच की जा रही है।
शिकायतकर्ता सिरोही जिले के बरलूट थाना क्षेत्र के मंडवारिया निवासी झालाराम ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि वह 10 जून की रात करीब 9 बजे माउंट आबू के एक गेस्ट हाउस में रुका था। 11 जून की सुबह करीब 3 बजे 5-6 लोग वहां आए और खुद को 'जयपुर एटीएस का अधिकारी बताया। बदमाशों ने झालाराम और उसके साथ मौजूद चिमन भाई को जबरन वहां से उठा लिया। झालाराम के अनुसार, अपहरणकर्ताओं ने वीडियो कॉल के जरिए सिरोही जिले के ही निवासी किसी खुशवंत रावल और राजू भाई रावल को दिखाया, जिनसे वे पहचान करवा रहे थे।
आरोप है कि अपहरणकर्ताओं ने किसी खुशवंत रावल के बकाया 98 लाख रुपए देने की बात कही। झालाराम ने पुलिस को बताया कि खुशवंत के साथ उसका पुराना लेन-देन था, जिसके तहत खुशवंत 20 लाख रुपए मांगता है, लेकिन वह जबरन 98 लाख रुपए वसूलना चाहता था। पीड़ित ने रिपोर्ट में बताया कि बदमाशों ने उसे डराया-धमकाया और बाड़मेर ले गए।
जब उसने छोड़ने की विनती की, तो उसे इधर-उधर घुमाया गया। अंत में, 1.5 लाख रुपए देने के बाद उसे और उसके साथी चिमन भाई को भारत माला रोड पर एक होटल के पास उनकी गाड़ी सहित छोड़ दिया। माउंट आबू पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की जांच सहायक उप-निरीक्षक ताराराम को सौंपी गई है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
'आपस में कोई लेनदेन का मामला है। कल रात को झालाराम ने खुद के अपहरण की रिपोर्ट दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।' -दलपत सिंह, थाना अधिकारी माउंट आबू