9 जून 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Sirohi News: बुजुर्ग पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर लूट, 24 घंटे के भीतर 3 आरोपी गिरफ्तार

सिरोही जिले के स्वरूपगंज थाना पुलिस ने खेत में सो रहे बुजुर्ग के साथ हुई लूट की वारदात का महज 24 घंटे में खुलासा कर दिया है। वारदात में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब आरोपियों से लूटी गई सोने की मुरकी बरामद करने के प्रयास में जुटी है।

2 min read
Google source verification
sirohi crime

Sirohi : पुलिस की गिरफ्त में तीनों आरोपी (फोटो-पत्रिका नेटवर्क)

सिरोही। जिले के स्वरूपगंज थाना क्षेत्र में खेत में सो रहे एक बुजुर्ग के साथ हुई लूट और जानलेवा हमले की वारदात का पुलिस ने महज 24 घंटे में खुलासा कर दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने बुजुर्ग के कान से सोने की मुरकी लूट ली थी और विरोध करने पर कुल्हाड़ी से हमला कर उन्हें घायल कर दिया था। फिलहाल पुलिस लूटी गई मुरकी की बरामदगी और मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।

थानाधिकारी ओमप्रकाश ने बताया कि जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और वृत्ताधिकारी पिंडवाड़ा के सुपरविजन में विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम ने घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों के साथ-साथ मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की।

यह वीडियो भी देखें :

ऐसे हुई थी वारदात

पुलिस के अनुसार घटना 7 जून रात की है। एक बुजुर्ग किसान अपने खेत में कृषि कार्य पूरा करने के बाद पास ही स्थित खाट पर सो रहा था। खेत एक होटल के समीप स्थित है। इसी दौरान दो युवक वहां पहुंचे और सो रहे बुजुर्ग को निशाना बनाया। आरोपियों में से एक ने बुजुर्ग के पैर पकड़ लिए, जबकि दूसरे ने उनके कान में पहनी सोने की मुरकी तोड़कर निकाल ली। जब बुजुर्ग ने विरोध करने का प्रयास किया तो आरोपियों ने कुल्हाड़ी से हमला कर उन्हें घायल कर दिया और मौके से फरार हो गए।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई

घटना के बाद पीड़ित की रिपोर्ट पर सिरोही जिले के स्वरूपगंज थाने में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की और विभिन्न स्तरों पर जानकारी जुटाई। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

ये आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़े

पूछताछ के बाद पुलिस ने रमेश कुमार पुत्र दलाजी निवासी मोराफली, आबूरोड, कपुता पुत्र सादाराम निवासी भमरिया फली, पानिया (रोहिड़ा) तथा जोगेश कुमार उर्फ योगेश कुमार पुत्र रमेश कुमार निवासी बागरा, जिला जालोर हाल निवासी आबूरोड को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से लगातार पूछताछ की जा रही है और उनसे अन्य वारदातों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस पूछताछ में जुटी

थानाधिकारी ने बताया कि पुलिस का मुख्य फोकस अब लूटी गई सोने की मुरकी की बरामदगी पर है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी किसी संगठित गिरोह से जुड़े हैं या नहीं। पुलिस का दावा है कि त्वरित कार्रवाई और सटीक जांच के चलते इस गंभीर वारदात का 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा किया गया।