सिरोही

Weather Update: माउंट आबू में न्यूनतम तापमान पहुंचा एक डिग्री सेल्सियस, खुले मैदानों में बिछी बर्फ की चादर

माउंट आबू में इन दिन कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। पारा अचानक दो डिग्री सेल्सियस नीचे आने की वजह से रविवार की सुबह खुली जगहों पर बर्फ की चादर देखने को मिली।
2 min read
Dec 28, 2025
Mount abu
फोटो-पत्रिका

सिरोही। पर्यटन स्थल माउंट आबू की वादियों में इन दिनों हाड़ कपाने वाली सर्दी पड़ रही है। न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट से लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है। ठंड के चलते रविवार सुबह लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

रविवार को न्यूनतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जिसके बाद माउंट आबू का पारा एक डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। ऐसी स्थिति में शहर में वाहनों व मकानों की छतों और खुले स्थानों पर बर्फ की परत जम गई।

खुले मैदान में जमी ओस की बूंदें (फोटो-पत्रिका)

खुले मैदानों में बिछी बर्फ की चादर

सुबह के समय बाग-बगीचों, सोलर प्लेटों, पेड़-पौधों के पत्तों, वाहनों की छतों और खुले मैदानों में बर्फ की सफेद चादर नजर आई। कड़ाके की ठंड से जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा। स्थानीय नागरिक व पर्यटक दिन चढ़ने तक घरों व होटलों में ही दुबके रहे। दिन में लोग धूप सेंकने के लिए अपने घरों की छतों और सड़कों के किनारों पर खड़े नजर आए। कड़ाके की सर्दी में चाय की दुकानों पर लोगों की भीड़ रही। सर्दी से राहत पाने के लिए लोग जगह-जगह अलाव तापते नजर आए।

सर्द मौसम का आनंद ले रहे सैलानी

सर्द मौसम के बीच दिन में आसमान के साफ रहने से देश-विदेश से आए सैलानियों ने माउंट आबू की वादियों के प्राकृतिक सौंदर्य के मनभावन नजारों को कैमरे में कैद करते हुए हसीन लम्हों को यादगार बनाया। विभिन्न दर्शनीय स्थलों का दीदार करते हुए पर्यटक खुश नजर आए। नक्की झील में नौका विहार का भी पर्यटक लुत्फ उठाते नजर आए।

सर्दी-जुकाम के मामले बढ़े

सुबह-शाम चली बर्फीली हवाओं ने लोगों को खूब सताया। वहीं, तापमान में बार-बार हो रहे परिवर्तन के चलते मौसमी बीमारियों जैसे- सर्दी, जुकाम, खांसी, बुखार आदि से भी लोगों को परेशान होते देखा गया। दर्शनीय स्थलों का अवलोकन करने आए सैलानियों ने भारी ऊनी कपड़ों का सहारा लेकर पर्यटन यात्रा का आनंद लिया।

Updated on:
28 Dec 2025 07:50 pm
Published on:
28 Dec 2025 07:50 pm