
सिरोही। राजस्थान में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिरोही जिले में पुलिस ने एक और कार्रवाई की है। माउंट आबू पुलिस ने शनिवार को एक होटल से 19 वर्षीय बांग्लादेशी युवती को दस्तयाब किया। प्रारंभिक पूछताछ में युवती ने करीब चार साल पहले बिना वैध दस्तावेज भारत में प्रवेश करने की बात कबूल की है। पुलिस ने उसके पास से बांग्लादेश का पासपोर्ट और जन्म प्रमाण पत्र भी बरामद किया है। अब पुलिस संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय कर महिला को बांग्लादेश भेजने की प्रक्रिया में जुटी है।
जोधपुर रेंज आईजी के निर्देश और सिरोही एसपी पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ की निगरानी में अवैध बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान को लेकर अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान माउंट आबू पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक होटल में संदिग्ध विदेशी युवती रह रही है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने होटल कासिबा में दबिश देकर युवती को दस्तयाब कर लिया।
पुलिस के अनुसार युवती की पहचान शीला अख्तर उर्फ उमा इस्लाम के रूप में हुई है। शुरुआती पूछताछ में उसने खुद को बांग्लादेश के बोंगुना जिले की निवासी बताया। इसके बाद युवती को सिरोही स्थित सखी सेंटर भेजा गया। यहां पूछताछ के दौरान उसने बताया कि वह करीब चार वर्ष पहले बिना वैध दस्तावेज के भारत में दाखिल हुई थी। पुलिस अब उसके भारत आने के रास्ते, यहां रहने के दौरान संपर्कों और गतिविधियों की भी जानकारी जुटा रही है।
पुलिस को युवती के कब्जे से बांग्लादेश का पासपोर्ट और जन्म प्रमाण पत्र मिला है। दस्तावेजों की जांच के साथ उसकी पहचान और भारत में प्रवेश से जुड़े तथ्यों का सत्यापन कराया जा रहा है। पुलिस ने सीमा सुरक्षा बल पश्चिम बंगाल, गृह विभाग और आसूचना ब्यूरो पश्चिम बंगाल से संपर्क किया है। संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय कर युवती के प्रत्यावर्तन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पुलिस के मुताबिक अवैध बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान के अभियान के दौरान सिरोही जिले में यह पहली कार्रवाई नहीं है। इससे पहले भी जिले में रह रही तीन बांग्लादेशी महिलाओं को दस्तयाब किया जा चुका है और उनके खिलाफ निष्कासन की प्रक्रिया पूरी की गई है। पुलिस अब होटल, किराए के मकानों और अन्य संदिग्ध स्थानों पर भी निगरानी बढ़ा रही है।
अवैध रूप से भारत में रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों को लेकर प्रदेश के कई जिलों में पुलिस जांच और सत्यापन अभियान चला रही है। जयपुर में हाल ही में नारायण विहार, मानसरोवर और सांगानेर इलाके से तीन संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ा गया था। वहीं नागौर के कुचामन सिटी में भी एक होटल से तीन बांग्लादेशी महिलाओं समेत चार महिलाओं को पकड़े जाने की कार्रवाई सामने आई थी। इन मामलों में पुलिस भारत में प्रवेश के तरीके, दस्तावेजों और स्थानीय संपर्कों की जांच कर रही है।