
Mount Abu Tourist Destination Parking Fee: माउंट आबू (सिरोही): सिरोही जिले में पर्यटन स्थल माउंट आबू आने वाले पर्यटकों के लिए किचन गार्डन पार्किंग में वाहन खड़ा करने पर अब निर्धारित दर के अनुसार शुल्क देना होगा। नगर पालिका आयुक्त त्रिकम दान चारण ने पार्किंग शुल्क की नई दर सूची जारी की है। इसके तहत तीन घंटे तक वाहन खड़ा करने पर 50 रुपए और 24 घंटे के लिए 500 रुपए शुल्क निर्धारित किया गया है।
पालिका आयुक्त के अनुसार, जिला कलक्टर के निर्देशों की पालना में किचन गार्डन में संचालित यात्री वाहन पार्किंग स्थल पर शुल्क की नई दरें बुधवार से लागू कर दी गई हैं। नई दरों के अनुसार तीन घंटे तक वाहन खड़ा करने पर 50 रुपए, इसके बाद प्रत्येक अतिरिक्त घंटे के लिए 25 रुपए, 12 घंटे तक 250 रुपए और 24 घंटे के लिए 500 रुपए शुल्क लिया जाएगा।
पालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शुल्क वसूली के बाद वाहन चालक को रसीद देना अनिवार्य होगा। पार्किंग व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। निर्धारित दर सूची की प्रतिलिपि उपखंड अधिकारी, नगरपालिका राजस्व निरीक्षक, लेखा शाखा, स्टोर शाखा और संबंधित पार्किंग कर्मचारी को भी भेजी गई है।
पालिका प्रशासन के अनुसार, पूर्व में किचन गार्डन पार्किंग में 50 रुपए पार्किंग शुल्क निर्धारित था। कई लोग 50 रुपए जमा करवाकर अपने वाहन पार्किंग स्थल पर खड़े कर देते थे और माउंट आबू के होटलों में ठहर जाते थे। इसके बाद दो-तीन दिन तक वाहन पार्किंग में खड़ा रहता था और पर्यटक किराए का दोपहिया वाहन लेकर दर्शनीय स्थलों का भ्रमण करते थे।
इससे लंबे समय तक वाहन पार्किंग में खड़े रहने के कारण अन्य पर्यटकों को अपने वाहन खड़े करने में परेशानी होती थी। पार्किंग स्थल पर वाहनों की उपलब्ध जगह भी प्रभावित हो रही थी। इसे देखते हुए नगरपालिका प्रशासन ने पार्किंग शुल्क की नई व्यवस्था लागू की है। नई दरों के जरिए लंबे समय तक वाहन खड़ा रखने वालों से निर्धारित अवधि के अनुसार शुल्क लिया जाएगा, जिससे पार्किंग स्थल का बेहतर उपयोग हो सकेगा और अन्य पर्यटकों को भी वाहन पार्क करने में सुविधा मिलेगी।