
Sirohi Crime: राजस्थान के सिरोही जिले के अनादरा थाना क्षेत्र के मालगांव में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की घर में घुसकर हत्या कर दी गई। मुंबई से दीपावली मनाने गांव लौटे लक्ष्मण घांची पर बाइक सवार हमलावरों ने धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में गंभीर घायल लक्ष्मण को परिजन आबूरोड अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बीच-बचाव करने आई उसकी मां भी घायल हो गई, जबकि सात माह की गर्भवती पत्नी को हमलावरों ने धक्का देकर अलग कर दिया। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना से गांव में सनसनी फैल गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार लक्ष्मण रविवार को मुंबई से दीपावली मनाने अपने गांव लौटा था। सोमवार शाम करीब सात बजे घर में लक्ष्मण, उसकी मां और गर्भवती पत्नी मौजूद थे। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर आए हमलावर अचानक घर में घुस गए। आरोप है कि हमलावर अपने साथ कुल्हाड़ी और अन्य धारदार हथियार लेकर आए थे। उन्होंने लक्ष्मण पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। बेटे को बचाने के लिए आगे आई मां के हाथों पर भी हमला कर उसे घायल कर दिया। वहीं, गर्भवती पत्नी को धक्का देकर अलग कर दिया।
जानकारी के अनुसार वारदात के पीछे करीब एक साल पुराना प्रेम प्रसंग और युवती को साथ ले जाने का विवाद बताया जा रहा है। बताया जाता है कि करीब एक वर्ष पहले लक्ष्मण युवती को अपने साथ ले गया था। बाद में दोनों ने विवाह कर लिया था। युवती के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था और उसकी परवरिश चाचा ने की थी। इसी घटनाक्रम को लेकर दोनों पक्षों में लंबे समय से विवाद चलने की बात सामने आई है।
घटना की सूचना मिलते ही अनादरा थानाधिकारी अमराराम खोखर पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों और ग्रामीणों से जानकारी जुटाई। परिजनों की रिपोर्ट में नागाणी निवासी शंकर घांची, उनके तीन बेटों और एक अन्य व्यक्ति पर हमला करने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
युवक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है। मामले में रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। अनुसंधान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अमराराम विश्नोई, थानाधिकारी, अनादरा