सिरोही

सिरोही में भीषण सड़क हादसा : जीप-कार की भिड़ंत में 13 से अधिक लोग घायल, कई लोगों की हालत गंभीर

राजस्थान के सिरोही जिले में पिंडवाड़ा-उदयपुर फोरलेन हाईवे पर रविवार देर शाम को जीप और कार की आमने-सामने की भिडंत में 13 से अधिक लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गंभीर घायलों को सिरोही रेफर किया गया है।
2 min read
Jul 05, 2026
sirohi accident
Sirohi Accident: हादसे के बाद क्षतिग्रस्त जीप (फोटो-पत्रिका)

सिरोही। पिंडवाड़ा-उदयपुर फोरलेन हाईवे पर रविवार देर शाम भीषण सड़क हादसे में 13 से अधिक लोग घायल हो गए। जीप और कार की आमने-सामने की टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और हाईवे पर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही मोरस चौकी पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल पिंडवाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को सिरोही के ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उदयपुर जिले के बेकरिया क्षेत्र के काढ़ा गांव से करीब 25 से 30 लोग एक जीप में सवार होकर आमली के निकट भीमाना गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। समारोह से लौटते समय पिंडवाड़ा-उदयपुर फोरलेन पर सामने से आ रही एक कार से जीप की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और उनमें सवार लोग घायल हो गए।

हादसे के बाद मौके पर पहुंची एंबुलेंस (फोटो-पत्रिका)

गंभीर घायल ट्रॉमा सेंटर रेफर

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहनों से बाहर निकालकर एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल कई लोगों को बेहतर इलाज के लिए सिरोही ट्रॉमा सेंटर भेज दिया। सभी घायलों की पहचान और उनकी स्थिति की जानकारी जुटाई जा रही है।

2-3 किमी लंबा जाम लगा

दुर्घटना के कारण पिंडवाड़ा-उदयपुर फोरलेन पर करीब एक घंटे तक यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। हाईवे पर दोनों ओर दो से तीन किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात को सुचारु कराया, जिसके बाद धीरे-धीरे जाम खुल सका।

यह वीडियो भी देखें :

दुर्घटनास्थल पर सड़क निर्माण का चल रहा था कार्य

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दुर्घटनास्थल पर फोरलेन के डामरीकरण का कार्य चल रहा है। निर्माण कार्य के कारण इस हिस्से में वन-वे व्यवस्था लागू की गई थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम, स्पष्ट संकेतक और डिवाइडर जैसी व्यवस्थाओं के अभाव में हादसे की आशंका बढ़ गई थी। हालांकि, पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। मामले की जांच जारी है।

Updated on:
05 Jul 2026 10:30 pm
Published on:
05 Jul 2026 10:30 pm