सिरोही

Rajasthan Roadways: जयपुर से नंदगांव के लिए सीधी रोडवेज बस सेवा शुरू, 6 जिलों के यात्रियों को मिलेगा लाभ

राजस्थान रोडवेज ने जयपुर से सिरोही जिले के प्रसिद्ध मनोरमा गोलोक तीर्थ (नंदगांव) के लिए सीधी रोडवेज बस सेवा शुरू की है।
2 min read
• •
Updated: 24 Nov 2026, 12:27 PM IST
rajasthan roadways
Rajasthan Roadways Bus. Photo- Patrika

Rajasthan Roadways: राजस्थान के गौभरक्तों, श्रद्धालुओं और आम यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम के जयपुर डिपो ने राजधानी जयपुर से सिरोही जिले की रेवदर तहसील के केसुआ क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध मनोरमा गोलोक तीर्थ (नंदगांव) के लिए सीधी रोडवेज बस सेवा शुरू की है। इस सेवा से जयपुर, अजमेर, ब्यावर, पाली, जालोर और सिरोही सहित छह जिलों के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।

लंबे समय से गौभक्तों और श्रद्धालुओं की ओर से जयपुर से नंदगांव तक सीधी बस सेवा शुरू करने की मांग की जा रही थी। अब इस मांग के पूरी होने से नंदगांव स्थित विशाल गौशाला में दर्शन और गौसेवा के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिलेगी। खासकर अमावस्या और अन्य धार्मिक पर्वों पर यहां पहुंचने वाले गौभक्तों को बस बदलने या निजी वाहनों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।S

सुबह 5:30 बजे जयपुर से होगी रवाना

रोडवेज प्रशासन के अनुसार बस प्रतिदिन सुबह 5:30 बजे जयपुर से नंदगांव के लिए रवाना होगी। वहीं नंदगांव से भी जयपुर के लिए बस सुबह 5:30 बजे प्रस्थान करेगी। निर्धारित रूट पर संचालित होने वाली इस बस से यात्रियों को दिन के समय अपने गंतव्य तक पहुंचने में सुविधा होगी।

जयपुर से रवाना होकर बस अजमेर, ब्यावर, बर, सोजत, पाली, साण्डेराव, तखतगढ़, आहोर, जालोर, बागरा, रामसीन, भीनमाल और सुंधा माता होते हुए नंदगांव पहुंचेगी। इस रूट से कई प्रमुख शहरों और ग्रामीण कस्बों को राजधानी जयपुर से सीधा जुड़ाव मिलेगा।

सुंधा माता के श्रद्धालुओं को भी मिलेगी सुविधा

बस के रूट में प्रसिद्ध सुंधा माता तीर्थ को शामिल किए जाने से यहां दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं को भी बड़ी राहत मिलेगी। जयपुर, अजमेर, ब्यावर और पाली सहित विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले यात्रियों को सरकारी बस की सुविधा उपलब्ध होगी। इसके साथ ही विद्यार्थियों, व्यापारियों और आम नागरिकों के लिए भी यह सेवा उपयोगी साबित होगी।

धार्मिक पर्यटन को मिलेगी नई गति

इस सीधी बस सेवा से न केवल नंदगांव स्थित श्री मनोरमा गोलोक तीर्थ में गौसेवा और दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी, बल्कि सिरोही और जालोर क्षेत्र के धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। ग्रामीण क्षेत्रों की राजधानी से कनेक्टिविटी मजबूत होने के साथ यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक सरकारी परिवहन का विकल्प उपलब्ध होगा।

Updated on:
24 Nov 2026, 12:27 PM IST
Published on: