सिरोही

Sirohi News: बुखार से दो बच्चों की मौत, स्वास्थ्य विभाग ने की लोगों से अपील

राजस्थान के सिरोही जिले में दो बच्चों की बुखार के बाद मौत से चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग में हड़कम्प मच गया। एक बच्चे के बुखार, खांसी और पेट दर्द की शिकायत और दूसरे बच्चे के हल्का बुखार आया था।
2 min read
• •
Updated: 16 Nov 2026, 12:21 PM IST
Sirohi children death fever
सिरोही. जांच करतीं टीम।

राजस्थान के सिरोही जिले के पिण्डवाड़ा ब्लॉक में पीएचसी भूला के अंतर्गत उपकेंद्र काला महादेव खेड़ा की छीतरिया फली में दो बच्चों की बुखार के बाद मौत से चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग में हड़कम्प मच गया। एक बच्चे के बुखार, खांसी और पेट दर्द की शिकायत और दूसरे बच्चे के हल्का बुखार आया था। हालांकि अभी तक मौत के पुख्ता कारणों का पता नहीं चला है। इधर, सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और गांव में सर्वे कर मरीजों की जांच एवं उपचार की व्यवस्था की है।

परिजनों ने चिकित्सा टीम को बताया कि छीतरिया फली निवासी 12 वर्षीय बालक मनीष को 8 नवंबर को हल्का बुखार, खांसी और पेट दर्द की शिकायत हुई थी। परिजनों ने उसे स्वरूपगंज, देलदर और आबूरोड के निजी अस्पतालों में दिखाया, लेकिन 14 नवंबर को घर लौटते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। वहीं साढ़े चार वर्षीय बालिका जमना कुमारी के 10 नवंबर को हल्का बुखार आया था। परिजनों ने रोहिड़ा के निजी क्लिनिक में उपचार कराया और दो दिन झाड़-फूंक में भी समय गंवाया। 14 नवंबर की रात करीब 12 बजे उसकी मौत हो गई।

13 घरों में 108 लोगों का सर्वे, बीमार का किया उपचार

बीसीएमओ पिण्डवाड़ा डॉ. भूपेन्द्र सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही सीएमएचओ डॉ. दिनेश खराड़ी के निर्देश पर चिकित्सा टीम गठित कर 13 घरों के 108 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जांच में बुखार के 4, सर्दी के 2, खांसी के 2, फोड़े-फुंसी के 16 और शरीर दर्द के 11 मरीज मिले। सभी को प्राथमिक उपचार दिया गया। एक 8 वर्षीय बालक में पेट दर्द, कमजोरी और हल्के बुखार के लक्षण मिलने पर पीएचसी भूला भेजा गया। फिलहाल उसका स्वास्थ्य ठीक है। 19 लोगों की मलेरिया कार्ड से जांच में सभी की रिपोर्ट नेगेटिव मिली। पानी के नमूने जांच के लिए भेजे गए तथा एंटी लार्वल गतिविधियां भी की गईं।

झाड़-फूंक में समय गंवाने के बजाय अस्पताल पहुंचें

सूचना मिलते ही फली के 13 घरों में 108 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया है, जिसमें किसी के गंभीर बीमारी के लक्षण नहीं मिले। सर्वे में कुछ लोग सर्दी, बुखार, खांसी से पीड़ित मिले है, उनका उपचार किया गया। पानी के सैम्पल लेकर जांच के लिए भेजे हैं, रिपाेर्ट आने पर ही पता चल सकेगा। आमजन को बीमारी के लक्षण दिखने पर झाड़-फूंक में समय गंवाने के बजाय 108 एम्बुलेंस से तुरंत सरकारी अस्पताल पहुंचकर उपचार करवाने की सलाह दी है। विभाग की टीम क्षेत्र में निगरानी और स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवा रही है।

  • डॉ. दिनेश खराड़ी, सीएमएचओ, सिरोही
Updated on:
16 Nov 2026, 12:21 PM IST
Published on: