सिरोही

Sirohi News : सड़क चौड़ी होने से सफर हुआ आसान, लेकिन सुरक्षा के इंतजाम नदारद; हादसों का बढ़ा खतरा

रेवदर कस्बे में सड़क चौड़ीकरण और निर्माण कार्य के बाद आवागमन तो सुगम हुआ है, लेकिन सड़क सुरक्षा के इंतजामों की कमी अब चिंता बढ़ा रही है। रेवदर में दो पेट्रोल पंपों के बीच करीब दो किलोमीटर लंबे मुख्य सड़क मार्ग पर एक भी स्पीड ब्रेकर नहीं बनाया गया है।
less than 1 minute read
• •
Updated: 6 Nov 2026, 2:56 PM IST
Rewadar Road Safety
रेवदर की मुख्य सड़क। फोटो: पत्रिका

सिरोही। रेवदर कस्बे में सड़क चौड़ीकरण और निर्माण कार्य के बाद आवागमन तो सुगम हुआ है, लेकिन सड़क सुरक्षा के इंतजामों की कमी अब चिंता बढ़ा रही है। रेवदर में दो पेट्रोल पंपों के बीच करीब दो किलोमीटर लंबे मुख्य सड़क मार्ग पर एक भी स्पीड ब्रेकर नहीं बनाया गया है। इसी मार्ग पर मुख्य बस स्टैंड, राजकीय महाविद्यालय, विद्यालय और मुख्य बाजार स्थित हैं। ऐसे में दिनभर गुजरने वाले विद्यार्थियों, यात्रियों, व्यापारियों और राहगीरों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं। नई सड़क पर वाहनों की रफ्तार बढ़ने से हादसों की आशंका बनी हुई है। दीपावली के दौरान बाजार में बढ़ने वाली भीड़ और वाहनों की आवाजाही के बीच यह स्थिति और जोखिमभरी हो सकती है।

मार्ग पर स्कूल और महाविद्यालय होने से विद्यार्थियों की आवाजाही रहती है। वहीं, बस स्टैंड पर यात्रियों का आना-जाना लगा रहता है। सड़क पार करने वाले लोगों और बाजार पहुंचने वाले ग्राहकों के लिए तेज रफ्तार वाहन खतरा बने हुए हैं। इसके बावजूद सड़क पर गति नियंत्रित करने के लिए कोई इंतजाम नहीं किया गया है।

प्रशासन को कराया जाएगा अवगत

पूर्व विधायक जगसीराम कोली ने बताया कि समस्या के समाधान के लिए सिरोही जिला कलक्टर और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा, ताकि आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए जा सकें।

डिवाइडर और स्पीड ब्रेकर की मांग

हाईवे जन आंदोलन रेवदर के बलवंत मेघवाल ने कहा कि कस्बे में सड़क चौड़ीकरण का कार्य स्वागत योग्य है, लेकिन पर्याप्त सुरक्षा इंतजामों के बिना इसे अधूरा छोड़ना स्थानीय लोगों और राहगीरों की सुरक्षा के लिए चिंता का विषय है। स्पीड ब्रेकर और डिवाइडर नहीं होने से वाहनों की रफ्तार बढ़ रही है। उन्होंने प्रशासन और सार्वजनिक निर्माण विभाग से किसी बड़ी दुर्घटना से पहले आवश्यक सड़क सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की।

Updated on:
6 Nov 2026, 2:56 PM IST
Published on: