सिरोही

सिरोही अभय राजपुरोहित हत्याकांड: आरोपी पिता और 3 बेटे दो दिन की रिमांड पर, घर से हॉकी-सरिया बरामद, 5वें संदिग्ध की तलाश जारी

Sirohi Abhay Murder Case: सिरोही के आमलारी में अभय राजपुरोहित हत्याकांड में गिरफ्तार पिता और तीन बेटों को कोर्ट ने दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। घर से हॉकी और लोहे का सरिया बरामद हुआ है। सीसीटीवी के आधार पर पांचवें संदिग्ध की तलाश जारी है।
2 min read
Jul 02, 2026
Sirohi Abhay Rajpurohit Murder Case
आरोपी के घर से ह​थियार बरामद करती पुलिस (पत्रिका फोटो) 

Sirohi Abhay Rajpurohit Murder Case: नागाणी (सिरोही): आमलारी गांव के बहुचर्चित अभय राजपुरोहित हत्याकांड में पुलिस ने अपनी जांच तेज कर दी है। इस मामले में गिरफ्तार किए गए चारों मुख्य आरोपियों जिनमें पिता और उनके तीन बेटे शामिल हैं, को बुधवार को स्थानीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

पुलिस ने वारदात की गहराई से जांच करने, हत्या की पूरी साजिश का पर्दाफाश करने और अन्य मददगारों का पता लगाने के लिए कोर्ट से आरोपियों की चार दिन की रिमांड मांगी थी। हालांकि, कोर्ट ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद आरोपियों को दो दिन की पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया।

हमले में इस्तेमाल हथियार बरामद

रिमांड मिलने के बाद पुलिस की एक विशेष टीम आरोपियों को लेकर उनके घर पहुंची। वहां की गई तलाशी के दौरान पुलिस ने एक हॉकी स्टिक और लोहे का भारी सरिया बरामद किया है। शुरुआती जांच और चोटों के निशानों को देखते हुए पुलिस का अनुमान है कि अभय राजपुरोहित पर जानलेवा हमला करने के लिए इन्हीं हथियारों का इस्तेमाल किया गया था। अब पुलिस इन हथियारों को लेकर भी आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है।

सीसीटीवी से खुला पांचवें आरोपी का राज

इस पूरे हत्याकांड में अब एक नया मोड़ आ गया है। पुलिस को जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज मिले हैं। इन फुटेज को खंगालने पर एक संदिग्ध युवक मोटरसाइकिल पर दिखाई दिया है। पुलिस को पुख्ता शक है कि यह युवक भी इस वारदात की साजिश में शामिल था और इसी ने मुख्य आरोपियों को मोटरसाइकिल पर बैठाकर घटनास्थल तक पहुंचाया था।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, यह पांचवां संदिग्ध भी आमलारी क्षेत्र का ही रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस उसकी पहचान सुनिश्चित कर गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दे रही है।

आगे बढ़ सकती है गिरफ्तारियों की संख्या

थाना पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि यह जांच अभी अपने शुरुआती चरण में है। दो दिन की रिमांड के दौरान आरोपियों से इस हत्याकांड के पीछे की असली वजह, पुरानी रंजिश और घटना की पूरी प्लानिंग के बारे में सच उगलवाया जाएगा।

जांच अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ पूरी होने के बाद मामले में कई चौंकाने वाले खुलासे हो सकते हैं, जिससे आने वाले दिनों में कुछ और लोगों की गिरफ्तारियां भी मुमकिन हैं।

Published on:
02 Jul 2026 04:50 pm