सिरोही

राजस्थान सरपंच चुनाव: बहन ने भाई को सौंपी सरपंच पद की कमान

राजस्थान सरपंच चुनाव: सिरोही जिले की आबूरोड ब्लॉक की ग्राम पंचायत आवल में बहन ने भाई को सरपंच पद की कमान सौंपी।
3 min read
• •
Updated: 3 Nov 2026, 2:38 PM IST
bahi behan sarpanch
आवल में  नवनिर्वाचित सरपंच जितेश को कार्यभार सौंपती  निवर्तमान सरपंच मिनाक्षी व मौजूद अन्य लोग. Photo- Patrika

सिरोही सरपंच चुनाव: सिरोही/आबूरोड। ब्लॉक की ग्राम पंचायत आवल में भाई-बहन के आपसी विश्वास और पारिवारिक रिश्तों की एक अनूठी मिसाल सामने आई है। निवर्तमान सरपंच मीनाक्षी खराड़ी ने सोमवार को अपने बड़े भाई और नवनिर्वाचित सरपंच जीतेश खराड़ी को विधिवत रूप से ग्राम पंचायत का कार्यभार सौंपा।

हाल ही हुए पंचायत चुनाव में जीतेश खराड़ी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 315 मतों से पराजित कर सरपंच पद पर जीत दर्ज की थी। चुनाव में बहन मीनाक्षी ने अपने बड़े भाई का पूरा सहयोग और समर्थन किया था।

कार्यभार संभालने के बाद जीतेश खराड़ी ने क्षेत्र के विकास, ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान और मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने का संकल्प लिया। मीनाक्षी खराड़ी एवं जीतेश खराड़ी, पूर्व विधायक गंगाबेन गरासिया के पुत्र और पुत्री है।

नवसृजित ग्राम पंचायत मांडाणी की पहली सरपंच बनीं गुगी देवी, पदभार ग्रहण किया

नवसृजित ग्राम पंचायत मांडाणी की पहली सरपंच गुगी देवी मेघवाल ने सोमवार को विधिवत पदभार ग्रहण किया। समारोह में ग्रामीणों की बड़ी संख्या में मौजूदगी रही। कार्यक्रम की शुरुआत सरपंच गुगी देवी ने खेड़ा देवी जोगमाया मंदिर में दर्शन कर की। इसके बाद मुख्य अतिथि शिवगंज के पूर्व प्रधान दिलीप सिंह मांडाणी ने ग्राम पंचायत भवन का लोकार्पण किया। भवन में पूजा-अर्चना के बाद सरपंच को कार्यभार ग्रहण करवाया गया।

समारोह में मुख्य अतिथि पूर्व प्रधान मांडाणी का साफा पहनाकर और माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। इसके बाद सवली, मांडाणी और अखापुरा के तीनों ठिकानों के ठाकुर प्रतिनिधियों का भी साफा और माल्यार्पण कर अभिनंदन किया गया। इसके बाद सभी वार्ड पंचों और सरपंच का बहुमान किया गया।

सिरोही. मांडाणी में आयोजित कार्यक्रम में मौजूद सरपंच व अन्य अति​थि। Photo- Patrika


ग्राम विकास अधिकारी फाऊलाल सुथार ने बताया कि पदभार ग्रहण के बाद पंचायत बैठक आयोजित की गई। इसमें रोडलाइट, सफाई और पेयजल समस्या के तत्काल समाधान का निर्णय किया गया। पूर्व प्रधान की मौजूदगी में ग्रामवासियों के साथ जनसुनवाई भी की गई, जिसमें ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं।

समारोह में पूर्व प्रधान मांडाणी, निवर्तमान सरपंच भगाराम प्रजापत, वार्ड पंच पूरण सिंह, ममता सुथार, विनोद कंवर, जितेन्द्र कुमार, पोनी बाई, कमलाबाई तथा ग्रामीण लीलाराम मेघवाल, शैल सिंह देवड़ा, महेंद्र सिंह, शैतान सिंह, एलडीसी मूलसिंह मीणा सहित अन्य मौजूद रहे।

आमलारी में सरपंच प्रकाश राजपुरोहित ने संभाला कार्यभार

ग्राम पंचायत आमलारी के नवनिर्वाचित सरपंच प्रकाश राजपुरोहित ने रविवार को पंचायत भवन में पूजा-अर्चना और हवन कर कार्यभार संभाला। इस अवसर पर ग्राम विकास अधिकारी हरीश माली, उपसरपंच गोवाराम देवासी और सभी वार्डपंच मौजूद रहे। इस बार के पंचायत चुनाव में महिलाओं की भागीदारी विशेष रही।

आमलारी के नवनिर्वाचित सरपंच प्रकाश राजपुरोहित ने पूजा अर्चना के साथ संभाला पदभार. Photo- Patrika

आमलारी ग्राम पंचायत के कुल 11 में से 6 वार्डों में महिलाओं ने जीत दर्ज की। यह महिला प्रतिनिधित्व ग्रामीण लोकतंत्र में बढ़ती सहभागिता को दर्शाता है। अब पंचायत की नई कार्यकारिणी के सामने गांव के विकास, जनसमस्याओं के समाधान और मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने की जिम्मेदारी है। ग्रामीणों को अपेक्षा है कि सरपंच तथा सभी वार्डपंच आपसी तालमेल से पंचायत के समग्र विकास को नई दिशा देने के लिए मिलकर कार्य करेंगे।