सिरोही

सिरोही: अपने गांव की बेटियों के लिए भामाशाह ने बनवाया 7 करोड़ का स्कूल, लोकार्पण करने न्यूयॉर्क से सीधे पहुंचे डॉ. पनगढ़िया

सिरोही के कालंद्री कस्बे में भामाशाह आरके ट्रस्ट ने बेटियों की शिक्षा के लिए 7 करोड़ रुपए की लागत से आधुनिक सरकारी बालिका विद्यालय भवन बनवाया है। 16वें वित्त आयोग के अध्यक्ष पद्म भूषण डॉ. अरविंद पनगढ़िया ने न्यूयॉर्क से सीधे कालंद्री पहुंचकर इस नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया।
2 min read
• •
Updated: 23 Nov 2026, 9:14 AM IST
Kalandri Sirohi modern school building
कालंदी में बालिकाओं के लिए बने सरकारी स्कूल का विशाल भवन (Photo-Patrika)

सिरोही. बेटियों को बेहतर शिक्षा और आगे बढ़ने का अवसर मिले तो छोटे कस्बों से भी बड़ी उड़ान भरी जा सकती है। इसी सोच को साकार करने की दिशा में भामाशाह की ओर से जिले के कालंद्री कस्बे में करीब 7 करोड़ रुपए की लागत से प्रेमरत्न शाह मेमोरियल राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय के अत्याधुनिक भवन का निर्माण किया है। रविवार को न्यूयार्क से सीधे कालंद्री पहुंचे 16 वें वित्त आयोग के अध्यक्ष एवं नीति आयोग के प्रथम उपाध्यक्ष पद्म भूषण डाॅ. अरविन्द पनगडिया ने भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर चिकित्सा सेवा के लिए समर्पित समाजसेवी डॉ. शोभना वर्धमान भी मौजूद रहीं।

लोकार्पण समारोह में मुख्य अतिथि पद्म भूषण डाॅ. अरविन्द पनगडिया ने शिक्षा को समानता और प्रगति का आधार बताया। उन्होंने कहा कि भीलवाड़ा के छोटे से गांव में जन्म लेकर आज जिस मुकाम तक पहुंचे हैं, उसका श्रेय शिक्षा को है। शिक्षा हर व्यक्ति को समान अवसर देती है और सीखने-समझने के नए रास्ते खोलती है। उन्होंने छात्राओं से कहा कि वे पढ़ाई में कभी पीछे न रहें और हमेशा जानने-सीखने की जिज्ञासा बनाए रखें। उन्होंने भामाशाह रमेश कुमार पी. शाह के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस विद्यालय का नाम एक दिन देश-विदेश में रोशन होगा।

चार सपनों को किया साकार

भामाशाह आरके ट्रस्ट के चेयरमैन रमेश पी. शाह ने कहा कि अपनी मातृभूमि कालंद्री में बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए उन्होंने चार सपने संजोए थे। आज उनके साकार होने से वे बेहद खुश हैं। पहला सपना था कि विद्यालय का लोकार्पण पद्म भूषण डाॅ. अरविन्द पनगडिया के हाथों हो और दूसरा कि डॉ. शोभना वर्धमान इस अवसर पर मौजूद रहें। उन्होंने बताया कि उनका एक सपना यह भी है कि इस विद्यालय में पढ़ने वाली हर बालिका बड़े सपने देखे और उन्हें पूरा करने का साहस रखे। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य केवल भवन बनाना नहीं, बल्कि विद्यालय के साथ हमेशा खड़े रहना है।

स्थानीय मिट्टी से बनी साढ़े पांच लाख ईंटें

भामाशाह रमेश पी. शाह ने कहा कि भवन निर्माण में इसी जगह की मिट्टी का उपयोग कर करीब साढ़े पांच लाख ईंटें तैयार करवाई गईं। वास्तुकार हर्ष पटेल के सहयोग से तीन साल की मेहनत के बाद भवन तैयार हुआ। उज्ज्वला आर. शाह ने कहा कि वे स्वयं कॉलेज की शिक्षा प्राप्त नहीं कर सकीं, लेकिन कालंद्री की बेटियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की उनकी इच्छा थी, जिसे रमेश पी. शाह ने पूरा किया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य विक्रम सिंह चारण ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि भामाशाह परिवार ने उदारता और अपनत्व के साथ यह भवन शिक्षा विभाग को सौंपा है। विभाग इसे श्रेष्ठ विद्यालय बनाने में कोई कमी नहीं रखेगा। समारोह में छात्राओं ने गीत-संगीत और ज्ञानवर्धक प्रस्तुतियां दीं। अतिथियों के पहुंचने पर एनसीसी कैडेट्स ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। कार्यक्रम का संचालन सृष्टि अक्षय शाह ने किया।

इन्होंने भी किया संबोधित

कार्यक्रम में भामाशाह रमेश पी. शाह, उनकी पुत्री डाॅ. प्रिया एवं सोनल शाह, डाॅ. गीता शाह, डाॅ. शांतिलाल शाह, डाॅ. राजेन्द्र जैन, सृष्टि शाह, अंजना राठौड, सुरेन्द्र जैन ने भी विचार व्यक्त करते हुए युवाओं को प्रेरित किया। अंत में शाह परिवार के पुत्र इंजिनियर अक्षय शाह ने डाॅ. पनगडिया एवं डाॅ. शोभा वर्धमान सहित सभी गणमान्य लोगों और क्षेत्रवासियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।

Updated on:
23 Nov 2026, 9:14 AM IST
Published on: