सिरोही

Sirohi Crime: महिला से मारपीट कर लूट, बेहोशी की हालत में बाथरूम में बंद कर फरार हुए बदमाश

Sirohi News: बदमाशों ने घर में अकेली सो रही वृद्धा के साथ मारपीट की और उसे बाथरूम में बंद कर लूटपाट के बाद फरार हो गए। घटना से गांव में भय का माहौल बना हुआ है।
2 min read
Mar 27, 2026
काना कोलर स्थित वह मकान जहां घटना घटित हुई
काना कोलर स्थित वह मकान जहां घटना घटित हुई. Photo- Patrika

Sirohi News:शिवगंज @ पत्रिका। समीपवर्ती काना कोलर गांव में लुटेरों ने सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने घर में अकेली सो रही वृद्धा के साथ मारपीट की और उसे बाथरूम में बंद कर लूटपाट के बाद फरार हो गए। घटना से गांव में भय का माहौल बना हुआ है। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस, बदमाशों की सरगर्मी से तलाश में जुटी है।

दीवार फांदकर घर में घुस आया बदमाश

जानकारी के अनुसार काना कोलर गांव में 70 वर्षीय लक्ष्मी देवी देवासी पत्नी मानाराम देवासी रात को अपने घर के आंगन में सो रही थीं। उनके दोनों पुत्र काम के सिलसिले में बाहर रहते हैं। देर रात करीब डेढ़ बजे एक बदमाश दीवार फांदकर घर में घुस आया। महिला के जागने पर उसने धमकाते हुए कहा कि वे छह-सात लोग हैं और शोर मचाने पर जान से मार देंगे।

मारपीट से हुई बेहोश, बाथरूम में बंद कर गए

वृद्धा ने जान से नहीं मारने की याचना करते हुए चाबियां लेने की बात कही, लेकिन बदमाश ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। हमले में वृद्धा के हाथ की एक अंगुली कट गई तथा सिर में गंभीर चोट लगने से वह बेहोश हो गई। इसके बाद बदमाशों ने उसे बाथरूम में बंद कर घर में रखे चांदी के जेवरात सहित अन्य सामान लूट लिया और फरार हो गए।

सुबह दरवाजा तोड़कर निकली बाहर, अस्पताल में भर्ती

वृद्धा रातभर बाथरूम में बंद रहीं। सुबह होश आने पर उसने किसी तरह बाथरूम का दरवाजा तोड़कर ग्रामीणों को आवाज दी। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी उसके सुमेरपुर में रह रहे पुत्र को दी। पुत्र के पहुंचने पर घायल महिला को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में उसे सिरोही रैफर किया गया। वर्तमान में उसका उपचार जारी है।

बदमाशों की तलाश में जुटी पुलिस

इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस निरीक्षक बाबूलाल राणा मय दल मौके पर पहुंचे। साक्ष्य जुटाने के लिए एमओबी और एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। पुलिस उपाधीक्षक पुष्पेंद्र वर्मा ने भी मौके का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए हैं।

मामले की जांच के लिए तीन टीमें गठित

डीएसपी वर्मा ने बताया कि मामले की जांच के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं, जिन्हें संभावित ठिकानों पर रवाना किया गया है। साथ ही जोधपुर से डॉग स्क्वायड “ब्रेवो” को भी बुलाया गया है। पुलिस ने अस्पताल में उपचाराधीन पीड़िता के बयान दर्ज कर जांच तेज कर दी है।

Published on:
27 Mar 2026 01:59 pm