सिरोही

सिरोही में नदी किनारे महिला और कुएं पर युवक का मिला शव, जांच में जुटी पुलिस

सिरोही जिले में गुरुवार को दो अलग-अलग स्थानों पर शव मिलने की घटनाओं से सनसनी फैल गई। रेवदर थाना क्षेत्र में मारोल नदी किनारे एक महिला का शव मिला, जबकि बरलूट थाना क्षेत्र के मनोरा गांव में एक कृषि कुएं पर युवक मृत पाया गया।
2 min read
• •
Updated: 18 Jun 2026, 9:33 PM IST
Dead body found Sirohi
रेवदर अस्पताल में मौजूद लोग। फोटो पत्रिका

सिरोही। जिले में गुरुवार को दो अलग-अलग स्थानों पर शव मिलने की घटनाओं से सनसनी फैल गई। रेवदर थाना क्षेत्र में मारोल नदी किनारे एक महिला का शव मिला, जबकि बरलूट थाना क्षेत्र के मनोरा गांव में एक कृषि कुएं पर युवक मृत पाया गया। दोनों मामलों में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू कर दी है और मौत के कारणों की जांच की जा रही है।

पुलिस के अनुसार रेवदर थाना क्षेत्र में मारोल नदी किनारे गुरुवार को एक महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक महिला की पहचान आवाड़ा गांव निवासी संतोष पत्नी राजू कोली के रूप में हुई है। बताया गया कि संतोष गुरुवार सुबह घर से बाहर गई थी, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान ग्रामीणों से सूचना मिली कि मारोल नदी किनारे एक महिला का शव पड़ा है। लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही थाना अधिकारी सीताराम और सहायक उपनिरीक्षक गणेश राम मौके पर पहुंचे। सिविल डिफेंस टीम की मदद से शव को नदी किनारे से बाहर निकाला गया और रेवदर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मोर्चरी में रखवाया गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करवा कर मामला दर्ज कर लिया है और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।

कृषि कुएं पर मिला युवक का शव

इसी तरह बरलूट थाना क्षेत्र के मनोरा गांव में एक कृषि कुएं पर 40 वर्षीय युवक का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जावाल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मोर्चरी में रखवाया। हेड कांस्टेबल सोनाराम ने बताया कि मृतक की पहचान मनोरा निवासी लीलाराम (40) मेघवाल के रूप में हुई है। आवश्यक कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और मौत के कारणों की जांच की जा रही है। दोनों घटनाओं के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है ताकि घटनाओं के पीछे के कारणों का खुलासा हो सके।

Updated on:
18 Jun 2026, 9:33 PM IST
Published on: