सिरोही

सिरोही-जालोर को 300 करोड़ की सौगात: 430 किलोमीटर नई सड़कों का होगा निर्माण, सांसद लुंबाराम चौधरी ने किया शिलान्यास

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सिरोही और जालोर जिले को 300 करोड़ रुपए की स्वीकृति मिली है। इस राशि से 430 किलोमीटर से अधिक लंबाई की 177 सड़कों का निर्माण होगा, जिससे हजारों ग्रामीणों का आवागमन आसान होगा और गांवों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी।

2 min read
Jun 09, 2026
सिरोही-जालोर को 300 करोड़ की सौगात
सिरोही-जालोर को 300 करोड़ की सौगात (पत्रिका फोटो)

सिरोही। राजस्थान के सिरोही और जालोर जिले में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 300 करोड़ रुपए स्वीकृत हुए हैं। इस राशि से दोनों जिलों में सड़कों का जाल बिछाने से हजारों लोगों का आवागमन सुगम होगा। लोकसभा सांसद लुंबाराम चौधरी ने रेवदर तहसील की चार ग्राम पंचायतों में रविवार को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सड़क निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया। इसके बाद अंजनी माता मंदिर, गुलाबगंज में आयोजित स्वागत समारोह में उन्होंने क्षेत्रवासियों को संबोधित किया।

430 किलोमीटर नई सड़कें

सांसद चौधरी ने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सिरोही और जालोर जिलों के लिए कुल 300 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। इनमें सिरोही जिले में 129.73 करोड़ रुपए की लागत से 146 किलोमीटर लंबाई की 60 सड़कें तथा जालोर जिले में 171 करोड़ रुपए की लागत से 284 किलोमीटर लंबाई की 117 सड़कें स्वीकृत हुई हैं। दोनों जिलों में कुल 430 किलोमीटर से अधिक सड़कों का निर्माण किया जाएगा।

सांसद चौधरी कहा कि विकास कार्यों के लिए धन की कमी नहीं आने दी जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच है कि प्रत्येक गांव सड़क मार्ग से उपखंड व जिला मुख्यालय से जुड़ा रहे। सांसद ने पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि अधूरे कार्य छोड़ने और लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

लुंबाराम चौधरी को सांसद रत्न पुरस्कार सम्मान

हाल ही में सांसद लुंबाराम चौधरी को उनके उत्कृष्ट विधायी योगदान के लिए संसद रत्न पुरस्कार 2026 के लिए भी चुना गया है, जो जालोर-सिरोही लोकसभा क्षेत्र के इतिहास में पहली बार मिला सम्मान है। पुरस्कार की यह घोषणा मई 2026 में हुई थी। चौधरीने संसद के कई सत्रों में 100% उपस्थिति दर्ज कराने के साथ ही 3 निजी विधेयक पेश किए। साथ ही कई महत्वपूर्ण चर्चाओं में सक्रिय भाग लिया।

पॉइंट फाउंडेशन द्वारा दिए जाने वाले इस 16वें संस्करण में लुंबाराम चौधरी सहित देश भर के कुल 12 सांसदों और 4 संसदीय समितियों को भी सम्मानित किया जाएगा। सांसद रत्न पुरस्कार सम्मान, 2010 में डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम के सुझाव पर शुरू किया गया था।

इस बार कुल 150वां संसद रत्न पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। जालोर-सिरोही के सांसद लुंबाराम चौधरी के साथ ही पाली के सांसद पी.पी. चौधरी को भी उत्कृष्ट संसदीय प्रदर्शन के लिए चौथी बार संसद रत्न पुरस्कार 2026 से सम्मानित किया जा रहा है।

Published on:
09 Jun 2026 12:46 pm