सिरोही

सिरोही: नशे में स्कूल पहुंचा लेक्चरर, कमरे में सोता मिला; पूछने पर बोला- घर से 2 घूंट पीकर आया हूं

सिरोही के पोसीतरा स्कूल में व्याख्याता दिनेश कुमार मीणा शराब के नशे में कमरे में सोते मिले। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस पहुंची। मेडिकल में शराब सेवन की पुष्टि होने पर शिक्षक को शांतिभंग में गिरफ्तार किया गया।
2 min read
Aug 12, 2026
sirohi lecturer found drunk at school
नागाणी-पोसीतरा स्कूल में कार्रवाई करती पुलिस और मौजूद अन्य लोग (पत्रिका फोटो)

नागाणी (सिरोही): सिरोही जिले में पोसीतरा के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में मंगलवार सुबह एक व्याख्याता के शराब के नशे में विद्यालय पहुंचकर कमरे में सोने का मामला सामने आया है। इससे विद्यालय में हंगामा खड़ा हो गया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना शिक्षा विभाग और पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची अनादरा पुलिस शिक्षक को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए ले गई। पुलिस के अनुसार मेडिकल जांच में शराब सेवन की पुष्टि होने पर शिक्षक को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया है।

ग्रामीण बोले- घर से दो घूंट पीकर आने की बात कही

ग्रामीणों ने कहा कि व्याख्याता दिनेश कुमार मीणा के शराब के नशे में विद्यालय आने की सूचना पर विद्यालय पहुंचे। ग्रामीणों के पूछने पर व्याख्याता ने घर से दो घूंट शराब पीकर आने की बात कही। छात्राओं ने आरोप लगाया कि पढ़ाई के दौरान शराब के नशे में शिक्षक उनकी पिटाई करते हैं।

पूर्व में भी अनुशासनहीनता के आरोप

विद्यालय स्तर से शिक्षा विभाग को भेजे पत्र में शिक्षक पर पूर्व में भी अनुशासनहीनता के आरोप लगाए जाने का उल्लेख है। पत्र में बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के दौरान भी शराब सेवन की शिकायत होने, पूर्व में निलंबित रहने तथा विभागीय जांच लंबित होने की बात कही गई है। प्रधानाचार्य ने बताया कि शिक्षक बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन में लगे थे। ग्रामीणों ने शिक्षक को तत्काल विद्यालय से हटाने और सेवाएं समाप्त करने की मांग की है। ग्रामीणों ने शिक्षा मंत्री मदन दिलावर से पूरे मामले को गंभीरता से दिखवाने की मांग की।

शिक्षा अधिकारियों को करा रखा अवगत

व्याख्याता करीब एक साल से पोसीतरा विद्यालय में कार्यरत हैं। उनके शराब का सेवन कर विद्यालय आने को लेकर कई बार जिला शिक्षा अधिकारी और ब्लॉक शिक्षा अधिकारी को लिखित में अवगत कराया गया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। मंगलवार को भी शिक्षक शराब के नशे में विद्यालय पहुंचे और टेबल पर सो गए। मामले की जानकारी मिलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। इसके बाद पुलिस को सूचना देकर बुलाया गया और शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की गई।
-महेंद्र सिंह राणावत, प्रधानाचार्य, पोसीतरा

सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शिक्षक को हिरासत में लिया। शिक्षक का मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसमें शराब सेवन की पुष्टि हुई इसके बाद शिक्षक को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया है।
-अमराराम, थानाधिकारी, अनादरा

Updated on:
12 Aug 2026 02:46 pm
Published on:
12 Aug 2026 02:46 pm