11 अगस्त 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

हंसी-मजाक में देशी कट्टा दिखा रहा था, दब गया ट्रिगर; सीने में गोली लगने से नागौर के होटल संचालक की मौत, तस्कर गिरफ्तार

नागौर के खरनाल स्थित एक होटल में संचालक रामदास की गोली लगने से हुई मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी महिपाल बिश्नोई को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच के अनुसार, हंसी-मजाक के दौरान महिपाल द्वारा देशी कट्टा दिखाते समय अचानक गोली चल गई, जो रामदास के सीने में लगी।
2 min read
Google source verification

नागौर

image

Arvind Rao

Aug 11, 2026

nagaur hotelier dies accused arrested

कोर्ट में पेश करने के बाद आरोपी महिपाल को ले जाती पुलिस (पत्रिका फोटो)

Nagaur Hotel Operator Dies: नागौर जिले में सदर थाना क्षेत्र के खरनाल गांव के पास नीलकंठ होटल में होटल संचालक की गोली लगने से हुई मौत के मामले में पुलिस ने नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी महिपाल बिश्नोई ने होटल पर देशी कट्टा दिखाते समय फायर किया था, जिससे होटल संचालक रामदास उर्फ रामकुमार के सीने में गोली लग गई थी।

बता दें कि घायल को जोधपुर ले जाते समय एंबुलेंस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में रामदास की मौत हो गई थी। मामले में पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान, सीसीटीवी फुटेज और फील्ड इंटेलिजेंस की मदद से आरोपी को नागौर शहर से गिरफ्तार किया। सोमवार को न्यायालय में पेश करने पर उसे तीन दिन के रिमांड पर सौंपा है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशाराम चौधरी के निर्देश पर सदर थाना पुलिस, डीएसटी एवं कोबरा टीम ने संयुक्त कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी महिपाल गोदारा पुत्र राणाराम बिश्नोई जोधपुर जिले के गोदारों का बास, नांदिया प्रभावती गांव का निवासी है।

होटल पर खाना खाने आया था आरोपी

पुलिस के अनुसार, सात अगस्त को होटल पर काम करने वाले रणजीत कुमार ने सदर थाने में रिपोर्ट दी थी। रिपोर्ट के मुताबिक, महिपाल होटल पर आया, खाना खाने के बाद उसने चाय बनाने के लिए कहा। इसी दौरान होटल संचालक रामदास और महिपाल आपस में हंसी-मजाक कर रहे थे। महिपाल अपना देशी कट्टा दिखा रहा था, तभी अचानक गोली चल गई। गोली रामदास के सीने में लगी और वह नीचे गिर गया।

सीसीटीवी और मोबाइल लोकेशन से तलाश

पुलिस ने आरोपी की तलाश में टीमें गठित कीं। टीमों ने आरोपी के मोबाइल नंबरों की सीडीआर का अवलोकन कर रूट चार्ट तैयार किया। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज, पुलिस इंटेलिजेंस और तकनीकी सहायता के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की गई। आरोपी को नागौर शहर से दस्तयाब किया।

आरोपी के खिलाफ तीन आबकारी मामले

पुलिस के अनुसार, आरोपी महिपाल बदमाश प्रवृत्ति का है। उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तीन प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। टीम में सदर थानाधिकारी किताब चौधरी, डीएसटी प्रभारी सुरेश कस्वा सहित सदर थाना और डीएसटी टीम के जवान शामिल रहे।