सिरोही पुलिस की मौजूदगी में प्रशासन की टीम ने तीनों गांवों में कुल 56 लोगों के कच्चे-पक्के अतिक्रमण ध्वस्त कर 76 बीघा गोचर भूमि को मुक्त किया।
दांतराई (सिरोही)। सिरोही जिले में रेवदर उपखंड क्षेत्र के ग्राम वासन, कोचरीया खेड़ा और रतनपुरा खेड़ा में हाईकोर्ट के आदेश की पालना में गोचर भूमि पर किए गए कच्चे और पक्के अतिक्रमणों के खिलाफ प्रशासन ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की।
इस दौरान पुलिस की मौजूदगी में प्रशासन की टीम ने तीनों गांवों में कुल 56 लोगों के कच्चे-पक्के अतिक्रमण ध्वस्त कर 76 बीघा गोचर भूमि को मुक्त किया। उपखंड अधिकारी राजन लोहिया के नेतृत्व में प्रशासन की टीम ने कार्रवाई की। उन्होंने बताया कि हाईकोर्ट के आदेश पर कार्रवाई की गई है।
सुबह से ही प्रशासनिक अमला और भारी पुलिस जाब्ता मौके पर तैनात रहा। जेसीबी से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। कोचरीया खेड़ा में गोचर भूमि पर बनी पक्की दुकानों, बाड़ों और बुढेश्वर मंदिर के पास स्थित ढाबों को ध्वस्त कर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
प्रशासन ने तीन से चार जेसीबी मशीनों के जरिए अतिक्रमण हटाया। कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा। इसके बाद वासन ग्राम में भी गोचर भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। स्थानीय लोगों के अनुसार लंबे समय से गोचर भूमि पर अवैध कब्जों की शिकायतें की जा रही थीं। हाईकोर्ट के आदेश के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए यह कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान उपखंड अधिकारी राजन लोहिया, तहसीलदार मंजू देवासी, डिप्टी मनोज गुप्ता मौके पर मौजूद रहे।
पुलिस विभाग की ओर से रेवदर सीआई सीताराम पंवार, अनादरा सीआई कमलेश गहलोत, मंडार सीआई प्रवीण आचार्य तथा कालन्द्री सीआई गंगा प्रसाद सहित भारी पुलिस जाब्ता तैनात रहा।
राजस्व विभाग से आरआई शंकरलाल प्रजापत, जगदीश रावल, पटवारी डायालाल, अजय जोशी सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
यह कार्रवाई पीएलपीसी प्रकरण के तहत की गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गोचर भूमि को पूर्ण रूप से अतिक्रमण मुक्त कराने का अभियान आगे भी जारी रहेगा।