सिरोही

सिरोही में निर्दलीय बने ‘किंगमेकर’: BJP-कांग्रेस की उड़ी नींद, जानिए कहां किसका बनेगा बोर्ड

सिरोही निकाय चुनाव नतीजों ने जिले की सियासी तस्वीर साफ कर दी है। 6 निकायों में से सिरोही व पिंडवाड़ा में कांग्रेस, जबकि शिवगंज व माउंट आबू में भाजपा ने स्पष्ट बहुमत हासिल किया है। वहीं, आबूरोड और मंदार में किसी को स्पष्ट बहुमत नहीं मिलने से निर्दलीय प्रत्याशी किंगमेकर की भूमिका में आ गए हैं।
3 min read
Sep 15, 2026
sirohi nikay chunav result
सिरोही में खुशी जताते कांग्रेस के विजेता प्रत्याशी (पत्रिका फोटो)

Sirohi Nikay Chunav Result: सिरोही नगर निकाय चुनाव के नतीजों ने जिले में भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी तस्वीर साफ कर दी है। जिले की छह निकायों-सिरोही नगर परिषद और पांच नगर पालिकाओं में भाजपा और कांग्रेस ने दो-दो निकायों में स्पष्ट बहुमत हासिल किया है। वहीं, आबूरोड और मंडार में बोर्ड गठन के लिए निर्दलीयों की भूमिका अहम हो गई है। आबूरोड में भाजपा बहुमत से महज एक सीट दूर है, ऐसे में निर्दलीयों के समर्थन से भाजपा का बोर्ड बनने की संभावना मजबूत मानी जा रही है।

मंडार में भाजपा और कांग्रेस दोनों बहुमत से दूर है और यहां निर्दलीय ही बोर्ड गठन में निर्णायक भूमिका निभाएंगे। जिला मुख्यालय पर सिरोही नगर परिषद में कांग्रेस ने भाजपा को बड़े अंतर से पराजित करते हुए लगातार दूसरी बार कब्जा जमाया। पिंडवाड़ा में भी कांग्रेस ने बहुमत का आंकड़ा पार किया। दूसरी ओर शिवगंज और माउंट आबू में भाजपा ने स्पष्ट बहुमत के साथ जीत दर्ज की।

शिवगंज-माउंट में भाजपा, सिरोही-पिंडवाड़ा में कांग्रेस

शिवगंज नगरपालिका के 35 वार्डों में भाजपा ने 18, कांग्रेस ने 14 और निर्दलीयों ने 3 सीटों पर जीत दर्ज की। यहां भाजपा ने बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया। माउंट आबू में 25 वार्डों में से भाजपा ने 15, कांग्रेस ने 7, आरएलपी ने एक और निर्दलीयों ने दो सीटें जीतीं। दोनों निकायों में भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिला। दोनों ही जगह गत बार कांग्रेस के बोर्ड थे, जो भाजपा ने छीन लिए।

जबकि सिरोही नगरपरिषद और पिंडवाड़ा में कांग्रेस ने बहुमत से जीत हासिल की। सिरोही में कांग्रेस ने भाजपा ने दोगुना से अधिक सीटें जीत कर परचम फहराया है। सिरोही के कुल 35 वार्डों में से 23 में कांग्रेस, 10 में भाजपा और 2 निर्दलीयों ने जीत हासिल की। पिंडवाड़ा में 25 वार्डों में से 13 में कांग्रेस, 7 में भाजपा, 5 में निर्दलीय जीते हैं।

आबूरोड में भाजपा बहुमत से एक कदम दूर आबूरोड नगरपालिका के 40 वार्डों में भाजपा ने 20, कांग्रेस ने 16 और निर्दलीयों ने 4 सीटों पर जीत दर्ज की। बहुमत के लिए भाजपा को 21 सीटों की जरूरत थी। ऐसे में भाजपा महज एक सीट से बहुमत से चूक गई। अब बोर्ड गठन में निर्दलीयों की भूमिका महत्वपूर्ण होगी।

कांग्रेसियों ने आतिशबाजी कर मनाया जीत का जश्न

सिरोही में नतीजे सामने आते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल रहा। पूर्व विधायक संयम लोढ़ा सहित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जीत का जश्न मनाया। कार्यकर्ताओं ने अहिंसा सर्किल और सरजावाव गेट के बाहर आतिशबाजी की तथा मिठाई बांटकर खुशी जताई।

राज्यमंत्री का निर्वाचन क्षेत्रः शिवगंज में जीत, सिरोही में हार

पंचायतीराज राज्यमंत्री ओटाराम देवासी के निर्वाचन क्षेत्र सिरोही-शिवगंज विधानसभा में निकाय चुनाव के नतीजे भी अलग-अलग तस्वीर लेकर आए। शिवगंज नगरपालिका क्षेत्र में भाजपा ने जीत हासिल की, जबकि सिरोही नगरपरिषद क्षेत्र में कांग्रेस से बुरी तरह से पराजय का सामना करना पड़ा। सिरोही में पूर्व विधायक संयम लोढा के लगातार जनहित के मुद्दे उठाकर जन आंदोलन खड़ा करने का कांग्रेस को लाभ मिला है और कांग्रेस ने बहुमत का आंकड़ा पार करते हुए बड़े अंतर से जीत हासिल की है। सिरोही में भाजपा 35 में से 10 वार्डों में ही जीत हासिल कर पाई। ऐसे में कांग्रेस का लगातार दूसरी बार बोर्ड बनना तय है।

सिरोही जिले के 6 नगर निकायों के चुनाव परिणाम

नगर निकायकुल वार्डभाजपाकांग्रेसनिर्दलीयआरएलपी
सिरोही नगर परिषद35102320
आबूरोड नगर पालिका40201640
मंडार नगर पालिका207670
माउंट आबू नगर पालिका2515721
शिवगंज नगर पालिका35181430
पिंडवाड़ा नगर पालिका2571350

आबूरोडः लगातार दो बार बोर्ड, इस बार बहुमत से एक कदम दूर भाजपा, कांग्रेस को कब्जे का अवसर नहीं मिला

प्रत्येक वार्ड में नोटा में मत: प्रत्येक वार्ड में कुछ मतदाताओं ने किसी प्रत्याशी को पंसद नहीं किया और उन्होंने नोटा में मत डाला। नोटा में सबसे अधिक 26 मत वार्ड संख्या 8 में डाले गए। कुल 285 मतदाताओं ने ईवीएम मशीन पर नोटा का बटन दबाया।

सबसे कम-अधिक मतों ने चौंकाया: कुछ ऐसे वार्ड भी है, जहां चुनाव में प्रमुख राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों को इतने कम और अधिक मत मिले, जिसकी उम्मीद बहुत कम थी। लेकिन, मतदाताओं की ओर से प्रत्याशियों को पसंद और नापसंद करने के मतगणना के बाद जो आंकड़े सामने आए वो चौंकाने वाले रहे। वार्ड 16 से भाजपा प्रत्याशी तेहसिन बानो को सिर्फ पांच मत मिले जो अन्य 39 वार्डों में प्रत्याशियों को मिले मतों से सबसे कम है। वार्ड 15 से कांग्रेस प्रत्याशी भवनीश बारोट ने 433 मतों के अंतर से सबसे बड़ी जीत प्राप्त की।