
Sirohi Crime : सिरोही. एनडीपीएस एक्ट के मामलों में वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सिरोही सदर थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने रेंज स्तरीय टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल वांछित आरोपी कंवराराम जाट को सोमवार को गिरफ्तार किया है। आरोपी 498 किलोग्राम डोडा चूरा तस्करी के मामले में फरार चल रहा था। सदर थानाधिकारी घनश्याम सिंह मय जाब्ता ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस टीम ने बाड़मेर के बोला हाल बलदेवनगर, रीको थाना क्षेत्र निवासी कंवराराम जाट को गिरफ्तार किया है।
सिरोही पुलिस के अनुसार, 20 अगस्त 2023 को तस्कर एक कार में 498 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा भरकर ले जा रहे थे। पुलिस के पीछा करने पर आरोपी राजपुरा के जंगल में वाहन को छोड़कर मौके से फरार हो गए थे। इस प्रकरण में वांछित दो अन्य आरोपियों जगदीश और ललित आंजणा को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। अब मुख्य वांछित कंवराराम की गिरफ्तारी के बाद पुलिस उससे तस्करी के नेटवर्क के बारे में गहन अनुसंधान कर रही है। कार्रवाई में सदर थानाधिकारी घनश्याम सिंह के साथ सहायक उप निरीक्षक राजेश कुमार और कांस्टेबल प्रवीण सिंह की मुख्य भूमिका रही।
सिरोही जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ 'ऑपरेशन त्रिनेत्र' अभियान चला रखा है। 18 अक्टूबर को भी पिण्डवाड़ा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की थी। पुलिस ने एक टैंकर से भारी मात्रा में अवैध डोडा-पोस्त बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया था। टैंकर में प्लास्टिक के 147 कट्टों में भरकर कुल 2,947 किलो 100 ग्राम डोडा-पोस्त ले जाया जा रहा था। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 4 करोड़ 42 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अजेय सिंह राठौड़ के निर्देशन में की गई थी।
एसपी अजेयसिंह राठौड़ ने रविवार को बताया- आरोपी ने टैंकर को मॉडिफाई करवा रखा था और पुष्पा फिल्म के स्टाइल में तस्करी कर रहा था। पिण्डवाड़ा थाना पुलिस की टीम ने नेशनल हाईवे-62 पर वीरवाड़ा कट के पास नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान टैंकर वहां पहुंचा। पुलिस टीम ने टैंकर को रुकवाने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय रफ्तार बढ़ा दी और टैंकर लेकर भागने लगा। इस पर पुलिस टीम ने नया सानवाड़ा के पास हाईवे पर टैंकर को घेरकर रुकवाया।