
Sirohi Sarafa Bazaar Gold Silver Rate: सिरोही: शादी के सीजन में सोने-चांदी के भाव गिरने से सिरोही के सर्राफा बाजार में फिर रौनक लौट आई है। स्थानीय सर्राफा संघ के मुताबिक, दो महीने में 24 कैरेट सोना करीब 27 हजार रुपए प्रति 10 ग्राम और चांदी करीब एक लाख रुपए प्रति किलो सस्ती हुई है। कम भाव का फायदा उठाकर कई परिवार पहले से तय गहनों के साथ अतिरिक्त आभूषण भी खरीद रहे हैं।
सिरोही सर्राफा संघ के अध्यक्ष मुकेश सोनी ने बताया कि दो महीने पहले 24 कैरेट सोने का भाव करीब 1 लाख 54 हजार रुपए प्रति 10 ग्राम था, जो अब करीब 1 लाख 27 हजार रुपए है। इसी अवधि में चांदी का भाव 2 लाख 54 हजार रुपए से घटकर करीब 1 लाख 54 हजार रुपए प्रति किलो रह गया है।
नवंबर में 24, 25 और 26 तारीख तथा दिसंबर में 2, 3, 4, 5, 6, 11 और 12 तारीख को बड़ी संख्या में शादियां हैं। ऐसे में वर और वधू पक्ष के लोग अपने बजट के हिसाब से गहने खरीद रहे हैं। ज्वेलरी विक्रेता जुगल किशोर सोनी के मुताबिक, तैयार गहनों की बिक्री के साथ नए आभूषण बनवाने के ऑर्डर भी बढ़े हैं। ज्वेलरी कारोबारी कपिल सोनी ने बताया कि एक साल से अधिक समय तक ऊंचे भाव के कारण कारोबार प्रभावित रहा। अब कीमतें घटने से शहर के साथ आसपास के गांवों से भी ग्राहक खरीदारी के लिए पहुंच रहे हैं।
स्थानीय ग्राहक कमलेश ओझा के बड़े बेटे की शादी आने वाले दिनों में है। उन्होंने बताया कि करीब डेढ़ महीने पहले शादी के लिए सोना खरीदा था। तब मौजूदा भाव के मुकाबले प्रति 10 ग्राम करीब 30 हजार रुपए ज्यादा देने पड़े थे। अब कीमतें घटी हैं तो वे बड़े बेटे की शादी के लिए और गहने ले रहे हैं। साथ ही छोटे बेटे की शादी के लिए भी अभी से आभूषण खरीद रहे हैं।